BREAKING: सरकारी नौकरियों में भर्ती की उम्र सीमा 5 साल बढ़ी, 30 अक्टूबर से लागू होगा नया नियम
तमिलनाडु में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री विजय ने सरकारी नौकरियों में सीधी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा में 5 साल की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। नई व्यवस्था 30 अक्टूबर 2026 से लागू होगी और अगले पांच साल तक प्रभावी रहेगी।
सरकार ने यह निर्णय नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों की मांग को ध्यान में रखते हुए लिया है। इससे उन अभ्यर्थियों को भी सरकारी भर्ती में आवेदन करने का अवसर मिल सकेगा, जो मौजूदा आयु सीमा के कारण आवेदन करने से वंचित रह जाते।
आरक्षित वर्गों को मिलने वाली छूट रहेगी जारी
सरकार की आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, आयु सीमा में की गई यह अतिरिक्त छूट भर्ती नियमों में निर्धारित मौजूदा अधिकतम उम्र के ऊपर लागू होगी। इसके अलावा, आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को पहले से मिल रही आयु सीमा में छूट भी जारी रहेगी।
इस फैसले से राज्य में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। हालांकि, यह व्यवस्था फिलहाल पांच साल की अवधि के लिए लागू की गई है।

