पूर्वोत्तर में BJP की बड़ी छलांग: मेघालय में UDP के 8 विधायकों का 'ऑपरेशन कमल', विपक्ष में मचा हड़कंप!
मेघालय की यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के 8 विधायक बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में सभी विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ली।
इन 8 विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद मेघालय विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 2 से बढ़कर 10 हो गई है। इसी के साथ भाजपा विधानसभा में नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। वहीं UDP के विधायकों की संख्या 12 से घटकर सिर्फ 4 रह गई है।
भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में लहकमन रिंबुई, पियस मारवीन, किर्मेन शायला, मायरेलबार्न सिएम, मैथ्यू कुर्बाह, ओलान सिंह सुइन, बालाजिएड कुफर सिनरेम और सिनशर कुफर रॉय शामिल हैं।केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि इन विधायकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर और मेघालय में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।
इससे पहले UDP के पूर्व विधायक जेमिनो मावथोह ने 12 सितंबर को भाजपा की सदस्यता ली थी। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद ही UDP के कुछ और विधायकों के भाजपा में जाने की अटकलें तेज हो गई थीं।मेघालय में फिलहाल मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (MDA) की सरकार है, जिसमें NPP, UDP और भाजपा सहित अन्य दल शामिल हैं।

