Samachar Nama
×

Bihar Police Action: बिहार में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, 1328 की संपत्ति कुर्क; 18 हजार से ज्यादा वारंट का हुआ निष्पादन
 

Bihar Police Action: बिहार में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई, 1328 की संपत्ति कुर्क; 18 हजार से ज्यादा वारंट का हुआ निष्पादन

Bihar Police Action: बिहार में अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने राज्यभर में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को जारी जानकारी के मुताबिक, सभी जिलों में अभियान के दौरान 1,328 अपराधियों की संपत्ति की कुर्की की गई। इसके साथ ही हजारों लंबित वारंट का निष्पादन किया गया और बड़ी संख्या में अपराधियों के घरों पर इश्तेहार चस्पा किए गए।

पुलिस के अनुसार, 6 से 10 सितंबर के बीच सभी जिलों में पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का प्रमुख उद्देश्य लंबित वारंटों का निष्पादन और वांछित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना था।
18 हजार से ज्यादा वारंट का निष्पादन
अभियान के दौरान अदालतों से जारी 17,259 वारंट और अनुसंधानकर्ताओं के स्तर से प्राप्त 1,099 वारंट का निष्पादन किया गया। यानी कुल 18,358 वारंट पर कार्रवाई हुई।
वारंट के निष्पादन के मामले में अररिया सबसे आगे रहा, जहां 1,411 वारंट का निष्पादन किया गया। इसके बाद दरभंगा में 1,005, नालंदा में 998, सीवान में 984 और किशनगंज में 848 वारंट का निष्पादन हुआ।
इसके अलावा 3,854 अपराधियों के घरों पर इश्तेहार चस्पा किए गए। इश्तेहार के निष्पादन में सीवान 439 के साथ आगे रहा। अररिया में 401, कटिहार में 279, सारण में 264 और मोतिहारी में 223 इश्तेहार का निष्पादन किया गया।

1,328 अपराधियों की संपत्ति कुर्क
पुलिस अभियान के दौरान अदालत की प्रक्रिया के तहत 1,328 अपराधियों की संपत्ति की कुर्की भी की गई। कुर्की की कार्रवाई में अररिया, मधुबनी, छपरा, सीवान और किशनगंज प्रमुख जिलों में शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि लंबित मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को तेज करने के उद्देश्य से जिलों में इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं।
दो दिन के विशेष अभियान में हजारों वाहनों की जांच
इसके अलावा विधि-व्यवस्था प्रभाग के निर्देश पर 15 और 16 सितंबर को राज्यभर में विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 62,806 वाहनों की जांच की गई।
वाहन जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 6,563 वाहनों से कुल 98 लाख 87 हजार 340 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने अभियान के दौरान 1,274 वांछित अभियुक्तों और 715 वारंटियों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी है।

शराब और वाहन भी जब्त
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग मामलों में इस्तेमाल किए गए 153 वाहन जब्त किए गए। जांच अभियान के दौरान 10,830 लीटर देसी शराब और 8,542 लीटर विदेशी शराब भी बरामद की गई।
इसके अलावा पुलिस ने 9 अपहृत लोगों और 9 नाबालिग बच्चों को बरामद किया।
19 अवैध हथियार बरामद
अभियान के दौरान राज्य के कई जिलों में अवैध हथियारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पटना, नालंदा, भागलपुर, नवगछिया, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, वैशाली, पूर्णिया और किशनगंज में कुल 19 अवैध हथियार बरामद किए गए।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, विशेष अभियानों के जरिए लंबित वारंट, वांछित आरोपियों, अवैध हथियार, शराब और यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
 

Share this story

Tags