Samachar Nama
×

Bihar News: पटना पहुंचे PM मोदी, नीतीश कुमार ने एयरपोर्ट पर की अगवानी; दौरे से पहले सियासत तेज

Bihar News: पटना पहुंचे PM मोदी, नीतीश कुमार ने एयरपोर्ट पर की अगवानी; दौरे से पहले सियासत तेज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार दौरे पर पटना पहुंचे। उनके आगमन पर पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार ने पटना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर एनडीए के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 

पीएम मोदी के इस दौरे का मुख्य कार्यक्रम वैशाली जिले के राजापाकर में है। यहां प्रधानमंत्री करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी सुविधाओं और जल संसाधन से जुड़ी कई योजनाएं शामिल हैं। 

नीतीश सेतु का होगा लोकार्पण

दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का लोकार्पण है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 19.7 किलोमीटर लंबा छह लेन का पुल कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने तथा महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। 

विपक्ष ने उठाए सवाल

पीएम मोदी के बिहार दौरे और नीतीश कुमार की भूमिका को लेकर विपक्ष की ओर से भी बयानबाजी तेज हो गई है। जन सुराज के प्रशांत किशोर ने पीएम के दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन को लेकर सवाल उठाए हैं। विपक्षी दल इस दौरे को राजनीतिक नजरिए से भी देख रहे हैं और सरकार पर विकास परियोजनाओं के जरिए राजनीतिक संदेश देने का आरोप लगा रहे हैं। 

प्रधानमंत्री अपने कार्यक्रम के दौरान 100 पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री का मुख्य कार्यक्रम दोपहर करीब 2 बजे से शुरू होने की जानकारी है। 

बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के बीच प्रधानमंत्री का यह दौरा राजनीतिक और विकास, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास तौर पर पटना एयरपोर्ट पर मोदी और नीतीश की मुलाकात पर राजनीतिक गलियारों की नजर बनी हुई है।

Share this story

Tags