UP चुनाव से पहले BJP की जातीय समीकरण साधने की तैयारी, नाराज ब्राह्मणों, जाटों और गुर्जरों को मनाने के लिए होंगे सम्मेलन
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अपनी चुनावी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। पार्टी अब प्रदेश की प्रमुख जातियों को साधने और नाराज वर्गों की शिकायतें दूर करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए अलग-अलग जातियों के सम्मेलन और बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य उन जातियों को फिर से पार्टी के साथ जोड़ना है, जिन्हें लेकर नाराजगी की चर्चा सामने आ रही है।
बीजेपी ने संबंधित जातियों से जुड़े वरिष्ठ नेताओं को इन सम्मेलनों के आयोजन और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी इन बैठकों के जरिए समाज के प्रमुख लोगों से सीधे बातचीत करेगी और उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को समझने की कोशिश करेगी।
कौन-कौन सी जातियां बीजेपी का कोर वोटर मानी जाती हैं?
उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण, जाट, गुर्जर, वैश्य, कायस्थ, भूमिहार और राजपूत जैसी जातियों को बीजेपी का पारंपरिक और कोर वोटर माना जाता है। पिछले चार चुनावों में पार्टी की बड़ी जीत के पीछे इन समुदायों का समर्थन भी अहम रहा है।
हालांकि, पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बीजेपी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इसके पीछे पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक में आई कमी को भी एक वजह माना गया। दूसरी ओर, विपक्ष ने संविधान और आरक्षण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया, जिससे उसे गैर-यादव ओबीसी और गैर-जाटव एससी मतदाताओं का समर्थन हासिल करने में मदद मिली।
ब्राह्मण, जाट और गुर्जर समाज की नाराजगी दूर करने की कोशिश
बीजेपी की इस नई रणनीति के पीछे अलग-अलग जातियों में सामने आ रही नाराजगी को भी अहम वजह माना जा रहा है।
पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण समाज की नाराजगी को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। यूजीसी गाइडलाइन्स और योगी सरकार में कथित तौर पर उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिलने जैसे मुद्दों को इसकी वजह बताया जा रहा है।
वहीं, गुर्जर और जाट समुदाय के कुछ वर्गों में भी सरकार में पर्याप्त राजनीतिक हिस्सेदारी और प्रतिनिधित्व नहीं मिलने को लेकर असंतोष की चर्चा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन बैठकों में समाज के प्रमुख लोगों से खुलकर बातचीत की जाएगी। उन्हें अपनी शिकायतें और सुझाव सामने रखने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद उनकी बातों को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।
इन बैठकों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर बीजेपी अपनी आगे की चुनावी रणनीति तैयार कर सकती है। इसमें उम्मीदवारों का चयन और चुनावी घोषणाओं जैसे मुद्दे भी शामिल हो सकते हैं।
बैठकों में शामिल हो सकते हैं ये बड़े नेता
जातीय सम्मेलनों में संबंधित समुदायों से जुड़े बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं को भी शामिल किया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर ब्राह्मण समाज की बैठक में महेश शर्मा, गुर्जर समाज की बैठक में सुरेंद्र नागर और जाट समाज की बैठक में संजीव बालियान शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, बैठकों में लोग बिना किसी दबाव के अपनी बात रख सकें, इसके लिए प्रतिभागियों से मोबाइल फोन बाहर रखकर आने को कहा जा सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता इन बैठकों में मौजूद रहकर लोगों की शिकायतें और सुझाव सुनेंगे।
बीजेपी नहीं लेना चाहती कोई चुनावी जोखिम
उत्तर प्रदेश में बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। ऐसे में पार्टी किसी भी जातीय समीकरण को नजरअंदाज नहीं करना चाहती। यही वजह है कि वह अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करने के साथ-साथ अलग-अलग समुदायों की नाराजगी दूर करने पर भी जोर दे रही है।
जातीय बैठकों के अलावा बीजेपी मतदाता सूची को लेकर भी अभियान चलाने की तैयारी में है। इसके तहत राज्य स्तर पर ऐसे मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वाने की कोशिश की जाएगी, जिनके नाम छूट गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले कह चुके हैं कि SIR के बाद उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से कथित तौर पर करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कट गए हैं। ऐसे में मतदाता सूची का मुद्दा भी बीजेपी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बन सकता है।

