यूपी के सभी 75 जिलों तक पहुंचा नागरिक सुरक्षा तंत्र, स्वयंसेवकों के लिए शुरू हुआ विशेष प्रशिक्षण
लखनऊ, 16 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार ने नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को प्रदेशव्यापी स्वरूप देते हुए सभी 75 जिलों में इसका विस्तार कर दिया है। इसी क्रम में नवसृजित जनपदों के नवनियुक्त स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित करने के लिए 12 दिवसीय ‘सिविल डिफेंस बेसिक ओरिएंटेशन कोर्स’ का शुभारंभ मंगलवार को किया गया।
होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने सीतापुर रोड स्थित केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कहा कि बदलती वैश्विक और राष्ट्रीय परिस्थितियों में नागरिक सुरक्षा की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि देश वर्तमान में अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का सजग, प्रशिक्षित और जिम्मेदार होना आवश्यक है।
धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नागरिक सुरक्षा विभाग का विस्तार कर उसे प्रदेश के सभी 75 जनपदों तक पहुंचाया गया है। पहले यह व्यवस्था केवल 14 जिलों तक सीमित थी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए प्रशिक्षण को सेवा और जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान की कमांडेंट प्रियंका सिंह (पीसीएस) ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने अग्निशमन, प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा से जुड़े अन्य प्रशिक्षणों की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विशेष सचिव नागरिक सुरक्षा मनोज कुमार राय ने प्रदेश में चल रही नागरिक सुरक्षा गतिविधियों की जानकारी देते हुए प्रशिक्षण संस्थान के जीर्णोद्धार और आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किए जाने की योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में संस्थान एक विकसित और अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम

