Samachar Nama
×

नोएडा प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही, पंप के हौदे में गिरने से चार साल के मासूम की मौत

नोएडा प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही, पंप के हौदे में गिरने से चार साल के मासूम की मौत
नोएडा प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही, पंप के हौदे में गिरने से चार साल के मासूम की मौत

नोएडा, 1 अगस्त (आईएएनएस)। नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों की देखरेख को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-123 स्थित ग्रीन बेल्ट में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्चे की जान चली गई। बताया जा रहा है कि बच्चा ग्रीन बेल्ट में खेलते हुए पानी पीने के लिए वहां बने पंप के पास गया था। इसी दौरान वह खुले पंप की होदी (पानी संग्रह करने वाली संरचना) में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। जब तक बच्चे को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने इस पूरे हादसे के लिए नोएडा प्राधिकरण को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि जिस पंप की होदी में बच्चा गिरा, वह लंबे समय से खुली हुई थी और वहां किसी भी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। न तो होदी के चारों ओर जाली या रेलिंग लगी थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। घटना के समय भी मौके पर प्राधिकरण का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे समय रहते बच्चे को बचाया नहीं जा सका।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि सेक्टरों की ग्रीन बेल्ट, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले गड्ढे, पंप की होदियां, नाले और अन्य खतरनाक स्थान लंबे समय से खुले पड़े हैं, लेकिन नोएडा प्राधिकरण इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है। उनका आरोप है कि बार-बार ऐसे हादसे होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग सबक लेने को तैयार नहीं है। सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए घटना की जांच प्रारंभ कर दी है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किस स्तर पर हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। यह घटना नोएडा में पिछले कुछ महीनों के दौरान सामने आए उन कई हादसों की याद दिलाती है, जिनमें खुले गड्ढों, नालों और जलभराव वाले स्थानों में गिरने से लोगों, विशेषकर बच्चों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद यदि सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाते हैं तो भविष्य में भी ऐसे हादसों की आशंका बनी रहेगी।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नोएडा प्राधिकरण तत्काल सभी खुले पंपों, होदियों, गड्ढों और अन्य खतरनाक स्थानों को सुरक्षित करे, वहां मजबूत बैरिकेडिंग और जाली लगाई जाए तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी अन्य परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम

Share this story

Tags