चीनी ब्रांड वैश्विक ऑटो ब्रांड मूल्य रैंकिंग में सबसे आगे
बीजिंग, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्रिटेन की विश्व जानी मानी ब्रांड मूल्यांकन एजेंसी 'ब्रांड फाइनेंस' द्वारा गुरुवार को जारी 'वैश्विक ऑटो ब्रांड मूल्य टॉप 100' (वर्ष 2026) रिपोर्ट के अनुसार, चीन के कुल 24 ऑटो ब्रांड इस सूची में शामिल हुए हैं। यह चीनी ब्रांडों की लगातार सबसे अधिक संख्या है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक ऑटो उद्योग तेजी से नई ऊर्जा और बुद्धिमानी की ओर बढ़ रहा है। लागत नियंत्रण, व्यावहारिक विद्युतीकरण रणनीति और कीमत-संवेदनशील बाजार में प्रतिस्पर्धात्मकता ब्रांड मूल्य के मुख्य कारक बन गए हैं। बीवाईडी, गिली और सैक जैसी चीनी कंपनियां पूरी आपूर्ति श्रृंखला में तालमेल, तकनीकी सफलता और वैश्विक रणनीति के दम पर एशिया, यूरोप जैसे बाजारों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा रही हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, जहां यूरोप की पारंपरिक ऑटो कंपनियों की चीनी बाजार में हिस्सेदारी लगातार घट रही है, वहीं यूरोपीय बाजार में चीनी ब्रांडों का राजस्व तेजी से बढ़ रहा है। 'ब्रांड फाइनेंस' के सर्वेक्षण में पाया गया कि प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्थिरता और कीमत-मूल्य जैसे प्रमुख मानकों पर चीनी ब्रांड कई पुराने यूरोपीय ब्रांडों से आगे निकल गए हैं।
'ब्रांड फाइनेंस' चीन के अध्यक्ष छन यीतंग के विचार में वैश्विक ऑटो उद्योग एक महत्वपूर्ण परिवर्तन दौर से गुजर रहा है। विद्युत वाहनों में अपनी बढ़त के चलते चीनी ब्रांडों ने विश्व बाजार में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी हासिल कर ली है। भविष्य में चीनी ऑटो कंपनियों को प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए प्रौद्योगिकी नवाचार, विशिष्ट ब्रांड विशेषताओं और बेहतर उपभोक्ता अनुभव पर ध्यान देना होगा।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

