Samachar Nama
×

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत ने किया 'क्लीन स्वीप', कप्तान मंधाना बोलीं- वनडे में भी ऐसा ही करना चाहेंगे

जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत ने किया 'क्लीन स्वीप', कप्तान मंधाना बोलीं- वनडे में भी ऐसा ही करना चाहेंगे
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत ने किया 'क्लीन स्वीप', कप्तान मंधाना बोलीं- वनडे में भी ऐसा ही करना चाहेंगे

रायपुर, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत ने मंगलवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे और अंतिम मैच को 92 रनों से अपने नाम करते हुए सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया। भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना का मानना है कि उनकी टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में दिखाए गए दबदबे को वडोदरा में होने वाले आगामी वनडे मुकाबलों में भी जारी रखना चाहेगी।

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में भारत ने टी20 सीरीज का समापन शानदार अंदाज में किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 216/7 का स्कोर बनाया और फिर जिम्बाब्वे को 124/7 पर रोक दिया। अब दोनों देशों के बीच 23, 25 और 28 अक्टूबर को वनडे मैच खेले जाने हैं।

मंगलवार को तीसरे टी20 मैच के बाद मंधाना ने कहा, "हमने तीनों मुकाबलों में शानदार दबदबा दिखाया। हम वनडे मुकाबलों में भी ऐसा ही करना चाहेंगे। ड्रेसिंग रूम में भी हमने इसी बारे में बात की है, और वडोदरा में होने वाले वनडे मुकाबलों में हम यही करने की कोशिश करेंगे।"

हरमनप्रीत कौर ने 41 गेंदों पर नाबाद 91 रन बनाकर बल्लेबाजी की कमान संभाली, जबकि शेफाली वर्मा ने 61 और अनुष्का शर्मा ने 28 रन बनाए। इसके बाद नंदनी शर्मा (18 रन देकर 3 विकेट) ने भारतीय गेंदबाजों की अगुवाई की।

टीम के प्रदर्शन का आकलन करते हुए, मंधाना ने बल्लेबाजों के अहम योगदान की तारीफ में कहा कि गेंदबाजों ने अपनी योजनाओं को बखूबी लागू किया। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी माना कि अभी भी कुछ क्षेत्रों में सुधार की गुंजाइश है।

मंधाना ने कहा, "बल्लेबाजी बहुत शानदार रही। शुरुआत अनुष्का ने की, फिर शेफाली और उसके बाद हरमन - सभी ने अपना योगदान दिया। गेंदबाजों ने भी अपनी योजनाओं को अच्छे से लागू किया। हां, कुछ चीजें ऐसी हैं जिन पर हम काम कर सकते हैं। हम इस पर वापस जाकर काम करेंगे।"

मंधाना इस बात से विशेष रूप से खुश थीं कि मिडिल ऑर्डर को क्रीज पर ज्यादा समय बिताने का मौका मिला, क्योंकि पहले मैच में भारत को उस क्रम में अपनी लय खोजने में संघर्ष करना पड़ा था।

भारतीय कप्तान ने कहा, "पहले मैच में मिडिल ऑर्डर और टॉप ऑर्डर, दोनों ही लय नहीं पकड़ पाए थे। क्रीज पर समय बिताना और कुछ रन बनाना हमेशा अच्छा होता है।"

मंधाना ने टीम के पास मौजूद गेंदबाजी विकल्पों पर भी संतोष जताते हुए कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी को मद्देनजर रखते हुए, मैनेजमेंट ओस के प्रभाव का आकलन कर रहा है। उन्होंने कहा, "सब कुछ काफी अच्छा लग रहा है। हम देख रहे हैं कि ओस का क्या असर पड़ रहा है। चैंपियंस ट्रॉफी के करीब आते-आते इसका बड़ा रोल होगा। हम यह देख रहे हैं कि हमें किस तरह के संयोजन की जरूरत है, और कई विकल्प होना अच्छी बात है। मैं इस बात से खुश हूं कि निकी और शेफाली ने गेंदबाजी में अपना योगदान दिया।"

इस मुकाबले में शेफाली ने 1 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें महज 2 रन दिए। वहीं, निकी प्रसाद ने 2 ओवरों में 5 रन देकर 1 विकेट चटकाया।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story