Samachar Nama
×

जहीर-ईशांत के खास क्लब में शामिल हुए आकाश दीप, सौरव गांगुली ने शानदार गेंदबाजी को सराहा

जहीर-ईशांत के खास क्लब में शामिल हुए आकाश दीप, सौरव गांगुली ने शानदार गेंदबाजी को सराहा
जहीर-ईशांत के खास क्लब में शामिल हुए आकाश दीप, सौरव गांगुली ने शानदार गेंदबाजी को सराहा

क्राइस्टचर्च, 28 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच हेगली ओवल के मैदान पर खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन आकाश दीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पहली पारी में 5 विकेट चटकाए। अपने इस शानदार स्पेल के साथ ही आकाश ने जहीर खान, ईशांत शर्मा और मदन लाल के खास क्लब में जगह बना ली है।

आकाश दीप ने 31.1 ओवर के स्पेल में 99 रन देकर न्यूजीलैंड के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। वह न्यूजीलैंड की सरजमीं पर एक पारी में 5 विकेट लेने वाले महज पांचवें गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले यह कारनामा जहीर खान, ईशांत शर्मा, मदन लाल और जवागल श्रीनाथ ही कर सके हैं। जहीर ने न्यूजीलैंड में 4 बार एक पारी में 5 विकेट निकाले हैं। वहीं, ईशांत शर्मा ने यह कारनामा 3 बार किया है। मदन लाल और जवागल श्रीनाथ ने एक-एक बार 5 विकेट झटके हैं।

आकाश दीप के बेहतरीन स्पेल की प्रशंसा भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने भी की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "टेस्ट में 5 विकेट लेने के लिए आकाशदीप को बधाई। वह एक मेहनती क्रिकेटर है। आगे और भी बहुत कुछ आने वाला है।"

आकाश ने टॉम लाथन, रचिव रविंद्र, नाथन स्मिथ, काइल जेमीसन और मैट हेनरी के रूप में 5 बड़े विकेट निकाले। आकाश दीप की शानदार गेंदबाजी के चलते भारतीय टीम न्यूजीलैंड को पहली पारी में 356 रनों पर ऑलआउट करने में सफल रही।

हालांकि, पहली इनिंग में भारतीय टीम की भी हालत खस्ता है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने अपने छह विकेट सिर्फ 116 रनों के स्कोर पर गंवा दिए हैं।

भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। देवदत्त पडिक्कल (21 रन) और कप्तान शुभमन गिल (17 रन) भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। केएल राहुल 80 गेंदें खेलने के बाद 25 रन बनाकर आउट हुए। ऋषभ पंत ने 23 रनों का योगदान दिया। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर दिन की आखिरी गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हुए।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story