युवाओं को गुमराह करने की राजनीति बंद करें तेजस्वी यादव: संतोष कुमार सुमन
पटना, 28 जुलाई (आईएएनएस)। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि नीट आंदोलन को लेकर छात्रों को सरकारी नौकरी और पेंशन देने का वादा महज एक राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को भ्रमित करने और राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस तरह की घोषणाएं की जा रही हैं।
डॉ. सुमन ने मंगलवार को कहा कि आज तेजस्वी यादव को छात्रों और युवाओं की चिंता सताने लगी है। उन्होंने सवाल किया कि जब छात्र अपने भविष्य को लेकर सड़कों पर आंदोलन कर रहे थे, तब तेजस्वी यादव उनके साथ क्यों नहीं खड़े हुए।
उन्होंने कहा कि कठिन समय में युवाओं के साथ खड़ा होना ही नेतृत्व की असली पहचान होती है, जबकि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करना आसान है। बिहार सरकार ने आंदोलन से जुड़े मामलों में कार्रवाई वापस लेने का निर्णय लिया है। ऐसे में अब विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से छात्रों के मुद्दे को भुनाने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की भावनाओं का इस्तेमाल वोट बैंक की राजनीति के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
डॉ. सुमन ने कहा कि तेजस्वी यादव को जेपी आंदोलन के इतिहास की भी जानकारी रखनी चाहिए। जिस जेपी सेनानी सम्मान पेंशन की तर्ज पर नई घोषणाएं की जा रही हैं, उस सम्मान और पेंशन की व्यवस्था मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने लागू की थी, न कि लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में।
उन्होंने कहा कि इतिहास के तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करना उचित नहीं है। लालू-तेजस्वी की 'बंटी-बबली की जोड़ी' वर्षों से युवाओं को झूठे सपने दिखाकर राजनीति करती रही है, लेकिन अब बिहार का युवा जागरूक है और वह केवल घोषणाओं के आधार पर नहीं, बल्कि काम, विश्वसनीयता और जनहित में किए गए निर्णयों के आधार पर नेतृत्व का आकलन करेगा।
बता दें कि तेजस्वी यादव ने कहा है कि यदि भविष्य में उनकी सरकार बनती है तो नीट आंदोलन के दौरान गिरफ्तार छात्रों के लिए, जेपी आंदोलन के प्रतिभागियों की तर्ज पर, पेंशन की व्यवस्था करने पर विचार किया जाएगा।
--आईएएनएस
एमएनपी/एएसएच

