Samachar Nama
×

युवाओं की ऊर्जा से भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लें : पंकज चौधरी

युवाओं की ऊर्जा से भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लें : पंकज चौधरी
युवाओं की ऊर्जा से भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लें : पंकज चौधरी

मेरठ, 21 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोमवार को युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाते हुए राष्ट्र प्रथम, अनुशासन और निरंतरता को जीवन का मंत्र बनाएं। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और यदि युवा संकल्प ले लें तो भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।

सुभारती विश्वविद्यालय के मांगल्य सभागार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने मेरठ की क्रांतिकारी धरती को नमन किया। उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और कोतवाल धन सिंह गुर्जर तथा राव कदम सिंह जैसे क्रांतिवीरों का उल्लेख करते हुए कहा कि मेरठ की यह धरती देश के इतिहास में साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रतीक रही है। उन्होंने कहा कि युवा संवाद भारत के वर्तमान और आने वाले स्वर्णिम भविष्य की दिशा तय करने का अवसर है।

भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है और 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। यह केवल आंकड़ा नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी शक्ति है। इसी युवा शक्ति ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। पंकज चौधरी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने 100 ऊर्जावान और निष्ठावान युवाओं के जरिए देश का भाग्य बदलने की बात कही थी। आज भारत के पास करोड़ों युवाओं की शक्ति है। फिनटेक, अंतरिक्ष और रक्षा क्षेत्र में युवाओं के स्टार्टअप वैश्विक स्तर पर भारत की नई पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश का परिदृश्य बदल रहा है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। छोटे शहरों से निकलने वाले युवा नई तकनीकों और विचारों के साथ यूनिकॉर्न खड़े कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने स्टार्टअप पर लगने वाला एंजेल टैक्स समाप्त किया है।

उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026 के तहत युवाओं के विचारों को कारोबार में बदलने के लिए एआई, ड्रोन और रोबोटिक्स जैसी भविष्य की तकनीकों पर फोकस किया जा रहा है। इससे प्रदेश के 24 हजार से अधिक स्टार्टअप वाले इकोसिस्टम को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भारत के युवा वैज्ञानिक और इंजीनियर मंगलयान, गगनयान, चंद्रयान और आदित्य-एल1 जैसे अंतरिक्ष अभियानों के जरिए देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

केंद्र सरकार युवाओं के लिए स्किल, स्केल, स्पीड और स्कोप यानी 4एस के दृष्टिकोण पर काम कर रही है। स्किल इंडिया जैसे अभियानों के जरिए युवाओं के हुनर को रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पंकज चौधरी ने कहा कि युवाओं के हुनर को निखारने के लिए सरधना में 250 करोड़ रुपए की लागत से उत्तर प्रदेश का पहला मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है, जिसने जून 2026 से अपना पहला सत्र शुरू किया है।

उन्होंने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय प्रदेश में युवाओं के हाथों में लाठी-डंडे और तमंचे थमाए जाते थे, जबकि आज डबल इंजन सरकार में युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। प्रदेश से गुंडाराज और माफियाराज का खात्मा हुआ है तथा कानून का राज स्थापित हुआ है।

उन्होंने कहा कि इसी वजह से दुनिया भर के उद्योगपति उत्तर प्रदेश में निवेश कर रहे हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेसवे के प्रदेश के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।

देश के कुल एक्सप्रेसवे में 55 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में हैं। प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस दौड़ के असली धावक उत्तर प्रदेश के युवा हैं।

पंकज चौधरी ने मेरठ की क्रांतिधरा से युवाओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्र प्रथम, अनुशासन एवं निरंतरता के साथ अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाने, भटकाव से दूर रहकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने और समाज में भाईचारे, स्वच्छता तथा सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने की अपील की।

--आईएएनएस

विकेटी/एमएस

Share this story