युवा प्रदर्शनों पर भाजपा का हमला, प्रवीण कुमार बोले- अराजकता फैलाना चाहती है सीजेपी-कांग्रेस
मुंबई, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली और महाराष्ट्र में चल रहे युवा प्रदर्शनों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया। भाजपा विधान परिषद सदस्य प्रवीण कुमार ने कांग्रेस और सीजेपी पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन आम युवाओं का नहीं, बल्कि विशिष्ट विचारधारा के लोगों का है, जो पीएम मोदी के बढ़ते कद से डरे हुए हैं। वहीं राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद राहुल गांधी के वोट चोरी वाले बयान पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी।
भाजपा एमएलसी प्रवीण कुमार ने कहा, "दिपके की सीजेपी पार्टी देश में अराजकता फैलाना चाहती है, क्योंकि अभी तक उन्होंने जो आंदोलन किया, उसमें कौन सी विचारधारा के लोग सम्मिलित हैं, यह देशवासियों ने देखा है। प्रधानमंत्री मोदी जिस तरह से देश को प्रगति की ऊंचाई पर लेकर जा रहे हैं, ऐसे में लोकतांत्रिक तरीके से उन्हें हरा नहीं सकते। ऐसे में अराजकता फैलाना, भ्रम निर्माण करना, झूठा नैरेटिव सेट करके पीएम मोदी के प्रति और सरकार के प्रति वातावरण खराब करना, यही इनका दांव है।"
प्रवीण कुमार ने कहा कि विपक्ष के लोगों को पीएम मोदी का डर है, यह है, वो डर के मारे सब लोग इकट्ठा होकर, जो पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ हैं, अब सीजेपी एक तरफ है, कांग्रेस एक तरफ है, तो भी आज सब पीएम मोदी के डर से इकट्ठा हो रहे हैं और प्रधानमंत्री देश को एक ऊंचाई पर लेकर जा रहे हैं, विश्व में भारत देश का नाम हो रहा है, प्रगति हो रही है, अपनी अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। इसलिए भविष्य में अपनी राजनीतिक पार्टी का क्या होगा, अपने नेतृत्व का क्या होगा, इसी डर के मारे इन लोगों के सभी नौटंकी आंदोलन चालू हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि आप अगर सब युवा आंदोलनों में देखेंगे तो एक विशिष्ट लोग हैं, विशिष्ट विचारधारा के लोग हैं। वहां कांग्रेस और दूसरी पार्टी के लोग सम्मिलित हैं। अगर आप पूरा वीडियो देखेंगे तो यह आम युवाओं की आवाज नहीं है। इस देश की युवा शक्ति देश के साथ है और देश हित का काम प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं। युवाओं को आगे लाने का, उनसे संवाद करने का, उनके भविष्य की चिंता प्रधानमंत्री कर रहे हैं। मुझे लगता है देश के आम युवा सरकार के साथ है।
एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भी उन्होंने वही प्रयोग किया, लेकिन यह फेल हो गया। मुंबईकरों ने उनका जरा भी साथ नहीं दिया। यह शाहू, फुले, अंबेडकर, छत्रपति शिवाजी महाराज की विचारधारा को संभालने वाला महाराष्ट्र है। इस तरह की प्रवृत्तियां महाराष्ट्र की मिट्टी में टिकती नहीं हैं, इसलिए उनका आंदोलन महाराष्ट्र में फेल हो गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात के बाद राहुल गांधी के बयान को लेकर भाजपा एमएलसी ने कहा कि मुझे लगता है वह हर चीज को ट्विस्ट और मैनिपुलेट बहुत अच्छे से करते हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि वोट चोरी अगर है तो प्रूफ दे दो। राष्ट्रपति ने वही कहा जो आयोग भी बोलता है, हम लोग भी बोलते हैं कि अगर वोट चोरी है तो आयोग के सामने लाइए, आयोग दुरुस्त करेगा।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया कानूनी तौर पर चल रही है, लेकिन विपक्ष को मुद्दे पर बात नहीं करनी है। ज्ञानेश कुमार को हटाओ, इसे हटाओ, उसको हटाओ, तुमको क्या चाहिए वो बताओ ना, तुम्हारे जो-जो मुद्दे हैं, सब मुद्दों का उत्तर आयोग ने दिया है। तो मुझे लगता है कि आपको सवाल का जवाब नहीं चाहिए, आप सोए नहीं हैं, आप सोने का ढोंग कर रहे हैं, तो कितना भी हम लोग हिलाएंगे तो इनको नैरेटिव सेट करने में इंटरेस्ट है, इनकी मांग पॉइंटेड नहीं है।
--आईएएनएस
केके/वीसी

