Samachar Nama
×

युवा पीढ़ी विकास चाहती है, झूठा प्रचार नहीं: हरजोत सिंह बैंस

युवा पीढ़ी विकास चाहती है, झूठा प्रचार नहीं: हरजोत सिंह बैंस
युवा पीढ़ी विकास चाहती है, झूठा प्रचार नहीं: हरजोत सिंह बैंस

चंडीगढ़, 20 अगस्‍त (आईएएनएस)। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने स्कूल के 'फर्जी' वीडियो को लेकर भाजपा की आलोचना की और कहा कि आज की पीढ़ी (जेन-जी) विकास चाहती है, झूठा प्रचार नहीं।

हरजोत सिंह बैंस ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें पंजाब के एक सरकारी स्कूल के शौचालयों की हालत दिखाई गई है। इस वीडियो की फैक्ट-चेकिंग भी की गई है और यह यूट्यूब पर उपलब्ध है, जोकि साल 2018 का है।"

बैंस ने बताया कि यह वीडियो दो दिन पहले पोस्‍ट किया गया था। अगर स्‍कूलों में कोई कमी या अव्‍यवस्‍था पता लगती है तो हम ठीक करने का प्रयास करते हैं। ये वीडियो देखकर मैं स्‍तब्‍ध रह गया। इसके बाद बिना किसी पूर्व सूचना के स्‍कूल का निरीक्षण किया। मैं देखना चाहता था कि क्‍या सच में स्‍कूल का हालात दिखाए गए वीडियो जैसा है। अगर यह सच है तो इसकी जानकारी हमारे पास यानी सरकार तक कैसे नहीं पहुंची। इसके लिए जिम्‍मेदार कौन लोग हैं।

उन्‍होंने कहा कि जब जमीनी हकीकत देखी तो स्‍कूल में किसी प्रकार की अव्‍यवस्‍था नहीं दिखाई दी। शौचालय व्‍यवस्थित तरीके से काम कर रहा है। स्‍कूल में स्‍वच्‍छ पेयजल, वाईफाई की सुविधा और साफ-सफाई दिखाई दी। सेनेटरी पैड और डिस्‍पोजल मशीन तक वर्किंग पाई गई है। इस दौरान स्‍कूल के वीडियो बनाए गए।

बैंस ने कहा कि मैं हरभजन सिंह को बताना चाहता हूं कि केंद्र में आपकी पार्टी की सरकार है। नीति आयोग की रिपोर्ट पढ़ लें, पंजाब पहले स्‍थान पर है। यह प्रमाण पत्र आपकी पार्टी की सरकार दे रही है। हरियाणा का शिक्षा के क्षेत्र में टॉप परफॉर्मर जिला गुरुग्राम, पंजाब के निम्‍न परफॉर्मर जिले पटियाला से पीछे है। एक समय था जब 'उड़ता पंजाब' होता था, आज पढ़ाता पंजाब है। नीट का टॉपर लुधियाना से संबंधित है।

उन्‍होंने दोहराया कि हमारी आम आदमी पार्टी (आप) शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जेन-जी इस देश की तरक्‍की चाहता है। युवा पीढ़ी झूठा प्रचार से परेशान है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story