युशा नफीस और उन्नति त्रिपाठी बनीं अंडर-19 नेशनल स्क्वैश चैंपियन
जयपुर, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। सब-जूनियर और जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप के आखिरी दिन, गुरुवार को उत्तर प्रदेश की युशा नफीस और उन्नति त्रिपाठी ने टॉप सीड खिलाड़ियों को हराकर क्रमशः लड़कों और लड़कियों के अंडर-19 खिताब अपने नाम किए।
जयपुर में आयोजित प्रतियोगिता में दूसरी सीड और पिछले साल की रनर-अप नफीस ने महाराष्ट्र के पुरव रंभिया को सीधे गेम में हराया, जबकि 3/4 सीड उन्नति ने पिछले साल की रनर-अप, महाराष्ट्र की आकांक्षा गुप्ता को चार गेम में मात दी। वहीं, लड़कों के अंडर-17 फाइनल में महाराष्ट्र के हृदहान शाह ने तमिलनाडु के शिवेन अग्रवाल को पांच गेम के रोमांचक मुकाबले में हराया।
पश्चिम बंगाल की आलिया कंकड़िया और राजस्थान की इनाया अंद्राबी ने क्रमशः लड़कियों के अंडर-13 और अंडर-11 खिताब जीते। उन्होंने भी टॉप सीड खिलाड़ियों को पांच गेम के कड़े मुकाबले में हराया।
इससे पहले, बुधवार को सब-जूनियर और जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप में यूपी की नफीस और महाराष्ट्र की आकांक्षा गुप्ता लगातार दूसरी बार अंडर-19 फाइनल में पहुंची थीं।
पिछले साल की रनर-अप और दूसरी सीड नफीस ने सेमीफाइनल में राजस्थान के 5/8 सीड सुभाष चौधरी को 18-16, 11-3, 11-1 से हराया। अब खिताबी मुकाबले में उनका सामना महाराष्ट्र के टॉप सीड पुरव रंभिया से होगा।
वहीं, टॉप सीड आकांक्षा ने सेमीफाइनल में अपनी ही राज्य की ईशा श्रीवास्तव को 11-7, 11-8, 14-12 से हराया। फाइनल में उनका मुकाबला उन्नति त्रिपाठी से होगा, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में दूसरी सीड और मौजूदा चैंपियन अनिका दुबे को हराया था।
लड़कों के अंडर-17 सेमीफाइनल में, महाराष्ट्र के हृदहान शाह ने टॉप सीड और अपने ही राज्य के श्रेयंश झा को शिकस्त दी, जबकि शिवेन अग्रवाल ने दूसरी सीड और तमिलनाडु के ही खिलाड़ी लोकेश सुब्रमणि को मात दी। कर्नाटक की रियांसिका वर्मा ने लड़कियों के अंडर-17 सेमीफाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त आद्या बुधिया को पांच गेम के रोमांचक मुकाबले में हराया, जबकि दिव्यांशी जैन ने लड़कियों के अंडर-15 सेमीफाइनल में तमिलनाडु की दूसरी वरीयता प्राप्त गौशिका एम को मात दी।
--आईएएनएस
आरएसजी

