युद्ध हमेशा के लिए खत्म हो जाना चाहिए: अबू आजमी
मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान और अमेरिका के बीच हुए सीजफायर को लेकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने कहा कि युद्ध हमेशा के लिए खत्म होना चाहिए।
ईरान-अमेरिका के बीच हुए सीजफायर में पाकिस्तान के दावों पर सपा नेता ने कहा कि अगर वे ऐसा दावा कर रहे हैं, तो इसका मतलब है कि हमारी विदेश नीति कहीं न कहीं विफल हो रही है, बशर्ते कि यह बात सच हो। हालांकि, अब युद्ध समाप्त हो चुका है, और इसे हमेशा के लिए खत्म ही रहना चाहिए। कहीं भी कोई युद्ध नहीं होना चाहिए। यही हमारी प्रार्थना है।
अबू आजमी ने कहा कि वे इस संघर्ष विराम का स्वागत करते हैं, क्योंकि इससे दुनिया में मची हलचल कुछ शांत होगी।
युद्ध के दौरान देश में तेल और गैस की कथित कमी पर बात करते हुए अबू आजमी ने कहा कि बहुत सारे होटल बंद हुए हैं और लोग काम-धंधा छोड़कर घर जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि अब जंग थमने से हालात बेहतर होंगे।
उन्होंने कहा कि हमारे करोड़ों लोग मिडिल ईस्ट में काम करते हैं, हमारी जीडीपी का 25 फीसदी वहां से आता है। जंग बंद होनी चाहिए, टेबल पर बैठकर बात होनी चाहिए। मैं इस फैसले का स्वागत करता हूं। इसके अलावा, अब यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि बातचीत के माध्यम से ही कोई समाधान निकले। मैं शत्रुता के समाप्त होने का स्वागत करता हूं।
पश्चिम बंगाल में 30 लाख संदिग्ध मतदाताओं के खिलाफ कार्रवाई करने के कदम पर सपा नेता ने कहा कि यह महज चुनावी राजनीति है। यह सब सिर्फ किसी भी तरह से गैर-भाजपा वोट बैंक को कमजोर करने के लिए किया जा रहा है। बहुत से गरीब लोग फुटपाथों पर रहते हैं। वे इसी देश के नागरिक हैं, लेकिन शिक्षा की कमी और पक्के घर न होने की वजह से उनके पास जरूरी दस्तावेज नहीं होते। चुनाव आयोग को देखना चाहिए कि अगर कोई घुसपैठिया है तो उसे बाहर किया जाना चाहिए। यह भी चेक करना चाहिए कि उनके पास आधार कार्ड, राशन कार्ड कैसे आया?
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

