Samachar Nama
×

यूथ ओलंपिक: मुक्केबाज लैरेनलाकपाम मीतेई ने फाइनल में बनाई जगह, गोल्ड मेडल के लिए क्रिस्टियन जुबानी से होगी भिड़ंत

यूथ ओलंपिक: मुक्केबाज लैरेनलाकपाम मीतेई ने फाइनल में बनाई जगह, गोल्ड मेडल के लिए क्रिस्टियन जुबानी से होगी भिड़ंत
यूथ ओलंपिक: मुक्केबाज लैरेनलाकपाम मीतेई ने फाइनल में बनाई जगह, गोल्ड मेडल के लिए क्रिस्टियन जुबानी से होगी भिड़ंत

डकार (सेनेगल), 11 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय मुक्केबाज लैरेनलाकपाम अंबेडकर मीतेई ने डकार में चल रहे समर यूथ ओलंपिक 2026 में पुरुषों की 50 किलोग्राम बॉक्सिंग प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने कोलंबिया के इजोन जेफरी गैलिया अरेवालो को 5-0 से हराया।

रेड कॉर्नर से उतरे मीतेई ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और शुरुआत से अंत तक दबदबा बनाए रखा और सभी पांच जजों के स्कोरकार्ड के आधार पर जीत हासिल की। जजों ने क्रमशः 28-27, 28-27, 28-27, 29-26 और 28-27 का स्कोर दिया।

अब फाइनल में मीतेई का सामना आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी से होगा। जुबानी ने दूसरे सेमीफाइनल में मैक्सिको के एलन जीसस ओकैम्पो कैनो को 5-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। सेमीफाइनल में पहुंचने और भारत के लिए एक पदक पक्का करने से पहले मीतेई ने नामीबिया के अब्राहम कालेंगा को पहले राउंड में 1:57 मिनट पर 'रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट' (आरएससी) के जरिए हराया था। वहीं, क्वार्टर फाइनल में उन्होंने सेनेगल के फे शेख इब्राहिमा फॉल को 5-0 से हराया था।

यूथ ओलंपिक की बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में भारत के लिए यह दूसरा पदक है। इससे पहले, गुंजन ने महिलाओं की 48 किलोग्राम कैटेगरी में मैक्सिको की एटेना सोफिया जुआरेज कैलेरो को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए एक पदक पक्का किया। गुंजन को पहले राउंड में 'बाय' मिला था, जिससे वह सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं।

महिलाओं की 48 किलोग्राम कैटेगरी के सेमीफाइनल में गुंजन का मुकाबला ग्रेट ब्रिटेन की लिली बैसेट से होगा। अगर वह आगे नहीं बढ़ पाती हैं, तो भी वह ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) के साथ लौटेंगी। भारत ने समर यूथ ओलंपिक 2026 में अब तक कुश्ती और तैराकी में पदक जीते हैं। बुधवार (11 नवंबर) के सुबह के सत्र तक भारत के कुल पदकों की संख्या 8 हो गई है — जिसमें तीन रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags