Samachar Nama
×

यूथ ओलंपिक: मुक्केबाज गुंजन ने कटाया फाइनल का टिकट, सेमीफाइनल में लिली बैसेट को 4-1 से हराया

यूथ ओलंपिक: मुक्केबाज गुंजन ने कटाया फाइनल का टिकट, सेमीफाइनल में लिली बैसेट को 4-1 से हराया
यूथ ओलंपिक: मुक्केबाज गुंजन ने कटाया फाइनल का टिकट, सेमीफाइनल में लिली बैसेट को 4-1 से हराया

डकार (सेनेगल), 11 नवंबर (आईएएनएस)। समर यूथ ओलंपिक 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने दो स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीदें जगा दी हैं। गुंजन ने सेमीफाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग के फाइनल का टिकट कटा लिया है।

गुंजन की इस जीत ने भारत को डकार 2026 में स्वर्ण पदक जीतने का एक और मौका दिया है। गुंजन फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय मुक्केबाज बन गई हैं। उन्होंने सेमीफाइनल में ग्रेट ब्रिटेन की लिली बैसेट को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की और अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा।

लिली बैसेट के खिलाफ गुंजन के मुकाबले में पांच जजों ने 30-27, 29-28, 28-29, 29-28 और 30-27 का स्कोर दिया, जिनमें से चार जजों ने भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में फैसला सुनाया। फाइनल में गुंजन का मुकाबला अल्जीरिया की बौथैना बेनसालाह से होगा, जो इटली की मिशेला गुग्लिएल्मोन को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर फाइनल में पहुंची हैं।

क्वार्टर फाइनल में गुंजन ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में मैक्सिको की एटेना सोफिया जुआरेज कैलेरो को 5-0 से हराकर सेमीफाइनल (अंतिम चार) में जगह बनाई थी और भारत के लिए पदक पक्का किया। गुंजन को पहले राउंड में 'बाय' मिला था, जिससे वह सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई थीं।

इस बीच, लैरेनलाकपाम अंबेडकर मीतेई डकार में चल रहे समर यूथ ओलंपिक 2026 की मुक्केबाजी प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज बन गए हैं। उन्होंने बुधवार को सेमीफाइनल मुकाबले में कोलंबिया के इजोन जेफरी गैलिया अरेवालो को 5-0 से हराकर पुरुषों के 50 किग्रा वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया।

'रेड कॉर्नर' से खेलते हुए, मीतेई ने मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा और सभी पांच जजों के स्कोरकार्ड के आधार पर जीत हासिल की। पांच जजों ने इस मुकाबले का स्कोर 28-27, 28-27, 28-27, 29-26 और 28-27 दिया। फाइनल में मीतेई का सामना आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी से होगा, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में मैक्सिको के एलन जीसस ओकाम्पो कैनो को 5-0 से हराया।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags