Meta के दफ्तरों पर यूथ कांग्रेस का हंगामा, हैदराबाद में गमले फेंके, मुंबई-गुरुग्राम में भी प्रदर्शन; कंपनी को 7 दिन का अल्टीमेटम
फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की पैरेंट कंपनी मेटा के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम में मेटा के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया। हैदराबाद में प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं पर कंपनी के दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ और हंगामा करने का आरोप लगा है। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें प्रदर्शनकारी कार्यालय के अंदर गमले फेंकते और नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं।
यूथ कांग्रेस ने मेटा पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल में भेदभाव करने और राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगाया है। संगठन ने कंपनी को अपना रवैया सुधारने और कथित तौर पर बंद किए गए नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट बहाल करने के लिए सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। वहीं, बीजेपी ने इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
हैदराबाद में मेटा ऑफिस के अंदर घुसे प्रदर्शनकारी
हैदराबाद में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष जे. शिवचरण रेड्डी के नेतृत्व में मेटा के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मेटा और केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मेटा का एल्गोरिदम निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उनका दावा है कि कंपनी राजनीतिक दबाव में कुछ लोगों और संगठनों के सोशल मीडिया अकाउंट के साथ भेदभाव कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता कथित तौर पर कार्यालय के अंदर पहुंच गए। इसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोग गमले उठाकर फेंकते नजर आ रहे हैं। प्रदर्शनकारी मेटा के खिलाफ नारे लगाते हुए कार्यालय के कैफेटेरिया के पास तक पहुंच गए। कुछ देर तक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मुंबई में भी मेटा के खिलाफ नारेबाजी
हैदराबाद के अलावा मुंबई में भी यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मेटा के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित वर्ल्ड वन बिल्डिंग में मेटा के ऑफिस के बाहर हुआ।
मुंबई यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत शाबरीन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कंपनी पर बीजेपी और आरएसएस का पक्ष लेने का आरोप लगाया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी कार्यालय की दीवार पर स्प्रे पेंट से मेटा विरोधी नारे लिखते दिखाई दिए। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा गार्डों के साथ बहस होने की भी खबर है।
वहीं, गुरुग्राम में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण रहा। यहां कार्यकर्ताओं ने मेटा कार्यालय के बाहर बैनर लेकर नारेबाजी की और बंद किए गए सोशल मीडिया अकाउंट को बहाल करने की मांग उठाई।
दो नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट बंद होने से नाराज कांग्रेस
यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन की मुख्य वजह उसके दो बड़े नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट का निलंबित होना बताया जा रहा है। संगठन का आरोप है कि 19 नवंबर को मेटा ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट को गलत तरीके से बंद कर दिया।
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि ये कार्रवाई बीजेपी के दबाव में की गई है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को राजनीतिक विचारधारा के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं करना चाहिए।
यूथ कांग्रेस ने मेटा से दोनों नेताओं के अकाउंट तुरंत बहाल करने और अपनी नीतियों में पारदर्शिता लाने की मांग की है।
मेटा को 7 दिन का अल्टीमेटम
प्रदर्शन के बाद यूथ कांग्रेस ने मेटा को सात दिनों का समय दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर इस अवधि में उसके नेताओं के अकाउंट बहाल नहीं किए गए और कंपनी ने अपना रवैया नहीं बदला, तो आगे भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
यूथ कांग्रेस का कहना है कि सोशल मीडिया आज राजनीतिक संवाद का बड़ा माध्यम बन चुका है। ऐसे में किसी भी प्लेटफॉर्म को राजनीतिक दबाव में काम नहीं करना चाहिए। संगठन ने मेटा से सभी यूजर्स के लिए समान नियम लागू करने की मांग की है।
बीजेपी ने कांग्रेस पर किया पलटवार
मेटा कार्यालयों के बाहर हुए प्रदर्शन को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद में मेटा के कार्यालय में तोड़फोड़ की और इस घटना के वीडियो खुद सोशल मीडिया पर साझा किए।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उसे 'गुंडों की पार्टी' बताया। बीजेपी का कहना है कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी निजी कंपनी के कार्यालय में हंगामा और तोड़फोड़ करना उचित नहीं है।
फिलहाल मेटा के खिलाफ यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन ने राजनीतिक विवाद को और बढ़ा दिया है। एक तरफ कांग्रेस सोशल मीडिया पर कथित राजनीतिक भेदभाव का मुद्दा उठा रही है, वहीं बीजेपी ने प्रदर्शन के तरीके पर सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि मेटा इस पूरे मामले पर क्या प्रतिक्रिया देता है और क्या सात दिन के अल्टीमेटम के बाद विवाद शांत होता है या और बढ़ता है।

