Samachar Nama
×

योगी सरकार ने अनुपूरक बजट को बताया विकास के लिए जरूरी, विपक्ष बोला-यह भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगा

योगी सरकार ने अनुपूरक बजट को बताया विकास के लिए जरूरी, विपक्ष बोला-यह भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगा
योगी सरकार ने अनुपूरक बजट को बताया विकास के लिए जरूरी, विपक्ष बोला-यह भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगा

लखनऊ, 4 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का मंगलवार को दूसरा दिन है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार विधानसभा में अनुपूरक (सप्लीमेंट्री) बजट पेश करेगी। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पहले से ही तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। सरकार का कहना है कि यह बजट प्रदेश के विकास को नई गति देगा जबकि विपक्ष का आरोप है कि यह भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगा।

प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह अनुपूरक बजट किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सप्लीमेंट्री बजट का मुख्य उद्देश्य पहले से चल रही विकास योजनाओं को समय पर पूरा करना और जनहित से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए अतिरिक्त धन उपलब्ध कराना है। जहां-जहां धन की जरूरत महसूस हुई है, वहां अतिरिक्त राशि का प्रावधान किया जाएगा, जिससे विकास कार्यों में कोई रुकावट न आए और प्रदेश की प्रगति तेज हो।

मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने भी सरकार के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि राज्य के विकास के लिए अनुपूरक बजट बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि योगी सरकार इस बजट के जरिए बुनियादी ढांचे, जनकल्याण और विकास परियोजनाओं को और मजबूती देने का काम करेगी।

वहीं, मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि बजट सत्र सरकार के लिए हमेशा महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि सरकार समाज और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। बजट पेश होने के बाद यह साफ हो जाएगा कि किन-किन क्षेत्रों के लिए नए प्रावधान किए गए हैं और जनता को इसका क्या लाभ मिलेगा।

दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने सरकार के दावों पर सवाल उठाए हैं। सपा के डिप्टी चीफ व्हिप आरके वर्मा ने कहा, "जो बजट पहले पेश किया गया था, उसका अभी तक पूरी तरह इस्तेमाल नहीं हुआ है। यह सप्लीमेंट्री बजट भी भ्रष्टाचार का शिकार हो जाएगा। लगभग सभी सरकारी योजनाएं पहले से ही भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं। इसलिए, मानसून सत्र के दौरान यह सप्लीमेंट्री बजट लाने का कोई औचित्य नहीं है।"

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम

Share this story

Tags