Samachar Nama
×

योगी आदित्यनाथ के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर तंज, अजय राय बोले-जनता नहीं होगी भ्रमित

योगी आदित्यनाथ के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर तंज, अजय राय बोले-जनता नहीं होगी भ्रमित
योगी आदित्यनाथ के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर तंज, अजय राय बोले-जनता नहीं होगी भ्रमित

नई दिल्ली, 4 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 2027 में सरकार बनाने के दावे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सब समझ चुकी है और मुख्यमंत्री के दावों से भ्रमित होने वाली नहीं है।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में अजय राय ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झूठे दावे करके जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मथुरा की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कई इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर मथुरा में विकास के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन यमुना की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। अजय राय ने दावा किया कि मथुरा में कई घरों में पानी भरा हुआ है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की प्रस्तावित किताब को लेकर अजय राय ने कहा कि उन्होंने अपना जीवन देश के लिए समर्पित किया है। सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद तक ठुकराया था और जब उनकी किताब प्रकाशित होगी तो पूरा देश उसे पढ़ेगा।

कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भी सोनिया गांधी की किताब का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें कई महत्वपूर्ण बातें सामने आएंगी। किताब आने के बाद यह लोगों के लिए एक नए मार्गदर्शन का माध्यम बन सकती है।

उन्होने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 2027 में सत्ता में वापसी के दावे पर कहा कि इसका फैसला समय करेगा कि कौन सत्ता में लौटता है। उन्होंने भाजपा पर राम मंदिर और राष्ट्र के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित विवाद का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि इस मामले में जनता को स्पष्ट जवाब कब मिलेगा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि देशभर के लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार राम मंदिर के लिए योगदान दिया था। ऐसे में चढ़ावे से जुड़े आरोपों की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच के बावजूद इस मामले को लेकर उठे सवालों का स्पष्ट जवाब जनता को नहीं मिला है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

Share this story