'ये प्रेम मोल लिया' की रिलीज पर भावुक हुए अनुपम खेर, बोले-'राजश्री मेरे परिवार जैसा'
मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस मौके पर अभिनेता अनुपम खेर ने सूरज बड़जात्या और पूरे राजश्री प्रोडक्शन हाउस के विजन की जमकर सराहना की।
अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने सरकार से मांग की कि 15 अगस्त को राजश्री प्रोडक्शन को एक डाक टिकट दिया जाए। अभिनेता का कहना है कि राजश्री प्रोडक्शन हाउस ने बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के साथ दर्शकों के दिलों में जगह बनाई है।
जारी किए गए वीडियो में उन्होंने कहा, "आज हमारी फिल्म रिलीज हो रही है। कुछ लोग सोच सकते हैं कि ये अनुपम खेर सूरज बड़जात्या के लिए इतनी वीडियो क्यों बनाता है। तो एक बार फिर से बताता हूं कि मेरे माता-पिता ने मुझे बताया था कि जिन लोगों ने जिंदगी में आपको पहला मौका दिया हो। तो उनके लिए जब भी खड़े होने का मौका आए, तो अकेले फौज की तरह खड़े हो जाना। सूरज बड़जात्या के परिवार में उनके पिताजी राज बाबू, कमल बाबू, अजीत बाबू और राजश्री प्रोडक्शन हाउस ने मुझे पहली फिल्म सारांश दी थी।"
उन्होंने कहा, "मैं राजश्री को अपने परिवार की तरह की मानता हूं और अपने परिवार की फिल्म रिलीज हुई है, तो वीडियो तो बनाना बनता ही है। यह तो मेरा छोटा- सा योगदान है। सूरज मैं आपको फिर से कह रहा हूं कि आज से बहुत साल बाद आपके नाम का नेशनल म्यूजियम होगा। वहां पर लोग अपने बच्चों को लेकर आएंगे और कहेंगे कि देखो यह वो परिवार है, जिन्होंने अपनी फिल्मों में हमारे रिश्तों, परिवारों, त्योंहारों और परंपराओं को इतने प्यार से जिंदा रखा है। मेरे लिए आप हमारी संस्कृति के ब्रांड एंबेसडर हैं।
अभिनेता ने बताया कि आजाद भारत और राजश्री प्रोडक्शन दोनों की शुरुआत 15 अगस्त 1947 को हुई थी। उन्होंने कहा, "राजश्री प्रोडक्शन हाउस के इतने बड़े योगदान के लिए 15 अगस्त को उनके लिए सम्मान के लिए डाक टिकट जारी होना चाहिए। इतने सालों तक अपनी सोच पर टिके रहना और हर पीढ़ी के साथ अपनी कहानियां उसी विश्वास के साथ कहना कोई छोटी बात नहीं है।"
अभिनेता ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की रिलीज के मौके पर मुझे पहली फिल्म 'सारांश' का दिन याद आ रहा है। उस दिन से लेकर आज तक राजश्री की हर खुशी मुझे अपने ही परिवार की खुशी लगती है। सूरज, जब पूरा परिवार एक साथ बैठकर तुम्हारी फिल्में देखता है, तो मुझे अपने घर की याद आ जाती है। तुमने हमारे रिश्तों, हमारी परंपराओं और हमारे त्योहारों को इतने प्यार से पर्दे पर उतारा है। इन तमाम सालों में अच्छाई पर तुम्हारा भरोसा जरा भी कम नहीं हुआ है। आज के जमाने में ये कितनी अद्भुत और अनोखी बात है। मुझे पूरा यकीन है कि सालों बाद भी लोग 'ये प्रेम मोल लिया' को याद रखेंगे। कुछ किरदार परिवार जैसे लगने लगते हैं। वो हमारे साथ ही रह जाते हैं। तुम्हें, मुझे और हमारी पूरी टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं! मेरे प्यारे सूरज, तुम्हारे साथ मेरा प्यार और आशीर्वाद हमेशा है। जय श्री राम।"
--आईएएनएस
एनएस/पीएम

