खामेनेई की मौत पर सपा नेता अबू आजमी का बयान- ‘यह बहुत बड़ा जुर्म हो रहा है'
मुंबई, 2 मार्च (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत पर कहा कि जिस तरह एक 85-86 साल के लीडर को मार दिया गया है, उनके परिवार के लोगों को मार दिया गया है, इसकी निंदा तो होनी चाहिए। यह बहुत बड़ा जुर्म हो रहा है।
सपा नेता ने मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान पीएम मोदी के इजरायल दौरे पर कहा कि हम नहीं जानते कि उन्हें लड़ाई का पता था या नहीं पता था। पीएम मोदी वहां गए। इतनी बड़ी जंग होने वाली है। वह इजरायल में थे, तो क्या इस पर चर्चा नहीं हुई होगी? मैं भारत सरकार से कहना चाहता हूं कि इस जंग को रुकवाने की कोशिश करनी चाहिए। वहां की लड़ाई का बड़ा नुकसान भारत को भुगतना पड़ सकता है।
सपा नेता ने कहा कि मैं इसकी खुली निंदा करता हूं। इससे पहले इजरायल ने वर्षों तक लाखों लोगों को, छोटे-छोटे बच्चों को, औरतों को जिस तरह मारा है, दुनिया तमाशा देखती रही है। यूएनओ किस लिए बनाया गया था? यदि कोई प्रॉब्लम है तो वहां बैठकर चर्चा होती है, लेकिन इजरायल और अमेरिका ने मिलकर जिस तरह हमला किया, उसकी पूरी दुनिया में निंदा हो रही है।
उन्होंने कहा कि जो लोग भी जंग शुरू कर रहे हैं, उस जंग को रुकवाने के लिए भारत को आगे आना बहुत जरूरी है।
सपा नेता ने कहा कि राम मनोहर लोहिया जी का कहना था कि हमारे पड़ोसी देश बांग्लादेश, पाकिस्तान, नेपाल, और श्रीलंका को मिलाकर एक महासंघ बनाना चाहिए। इस महासंघ से आपसी रिश्ते बेहतर होने चाहिए। इनका आना-जाना फ्री होना चाहिए। अगर यह रिश्ता मजबूत हुआ तो अमेरिका की जो दादागिरी है, वह नहीं चल सकती।
रमजान में होली पर्व को लेकर सपा नेता ने कहा कि रमजान हो या न हो, भाईचारा देश में रहना चाहिए। होली का त्योहार है, बिल्कुल अच्छी तरह मनाया जाए। हम उन्हें बधाई देते हैं। जबरदस्ती किसी पर रंग लगाना शोभा नहीं देता है। मस्जिद के बाहर रंग नहीं खेलना चाहिए। देश की आपसी भाईचारा को कमजोर करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

