Samachar Nama
×

ईयर एंडर 2026: भारत आए दुनिया के दिग्गज नेता, मुलाकातों से बदले वैश्विक समीकरण

ईयर एंडर 2026: भारत आए दुनिया के दिग्गज नेता, मुलाकातों से बदले वैश्विक समीकरण
ईयर एंडर 2026: भारत आए दुनिया के दिग्गज नेता, मुलाकातों से बदले वैश्विक समीकरण

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। भारत ने इस बार दुनिया के कई दिग्गजों की मेजबानी की। वर्ष 2026 भारत की बदलती छवि, सक्रिय कूटनीति और बदलते वैश्विक रिश्तों के लिहाज से काफी अहम रहा। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आए राष्ट्राध्यक्षों, प्रधानमंत्रियों और विदेश मंत्रियों ने भारत के साथ बातचीत की। कहीं व्यापार और निवेश को नई दिशा देने की कोशिश दिखी, तो कहीं रक्षा और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया गया। ऊर्जा, तकनीक, आतंकवाद, समुद्री सुरक्षा और वैश्विक व्यवस्था में भारत की भूमिका भी इन मुलाकातों के केंद्र में रही।

अमेरिका से लेकर यूरोप, पश्चिम एशिया और पड़ोसी देशों तक भारत ने अपने कूटनीतिक संपर्कों का विस्तार किया। इन बैठकों ने यह भी दिखाया कि भारत एक ओर पारंपरिक रणनीतिक साझेदारों के साथ संबंध मजबूत कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नए आर्थिक और सामरिक सहयोग के रास्ते तलाश रहा है।

अक्टूबर में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की भारत यात्रा महत्वपूर्ण कूटनीतिक घटनाक्रमों में शामिल रही। इस यात्रा के दौरान भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय सुरक्षा और व्यापक रणनीतिक सहयोग से जुड़े मुद्दे चर्चा में रहे। आतंकवाद के खिलाफ सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता जैसे विषय भी दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण रहे।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब वैश्विक राजनीति में अमेरिका की भूमिका, चीन के साथ प्रतिस्पर्धा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलती रणनीतिक परिस्थितियां अंतरराष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में थीं। भारत के लिए अमेरिका के साथ सहयोग का महत्व रक्षा, तकनीक, ऊर्जा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में भी बना रहा।

अक्टूबर में कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद भारत आईं और दोनों देशों के संबंधों में सुधार की कोशिशों को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान व्यापार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, रक्षा, सुरक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

भारत और कनाडा के रिश्तों में पिछले कुछ वर्षों में आई तल्खी के बाद यह यात्रा विशेष महत्व रखती थी। दोनों देशों के बीच संवाद बहाल करने और सहयोग के व्यावहारिक क्षेत्रों को आगे बढ़ाने की कोशिशों ने यह संकेत दिया कि मतभेदों के बावजूद कूटनीतिक बातचीत के रास्ते खुले रखे जा सकते हैं।

यूरोप के लिहाज से पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क की 21 से 23 अक्टूबर तक की भारत यात्रा उल्लेखनीय रही। प्रधानमंत्री मोदी और टस्क के बीच हुई बातचीत में व्यापार, रक्षा उद्योग, प्रौद्योगिकी और क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य रखा। रक्षा उद्योग संवाद स्थापित करने और आपदा-रोधी अवसंरचना गठबंधन में पोलैंड की भागीदारी जैसे फैसले इस यात्रा के प्रमुख परिणामों में शामिल रहे। यूरोप के बदलते सुरक्षा परिदृश्य में पोलैंड के साथ भारत का बढ़ता संपर्क भी महत्वपूर्ण है।

पश्चिम एशिया में भारत के हितों को देखते हुए संयुक्त अरब अमीरात के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की 19-20 अक्टूबर की यात्रा भी अहम रही। विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ उनकी बातचीत में व्यापक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा की गई। भारत और यूएई के संबंध व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में लगातार व्यापक हुए हैं। खाड़ी क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच दोनों देशों का सहयोग भारत की ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय संपर्क के लिए महत्वपूर्ण है।

यूरोप के छोटे लेकिन आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण देश लिकटेंस्टाइन के हेरिडिटरी प्रिंस एलोइस और प्रिंसेस सोफी की अक्टूबर में भारत यात्रा ने आर्थिक कूटनीति का एक अलग पहलू सामने रखा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में उनका स्वागत किया। उन्नत विनिर्माण, वित्तीय सेवाओं, फिनटेक, नवाचार और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। भारत-ईएफटीए व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते के तहत निवेश और रोजगार सृजन की संभावनाओं को भी इस यात्रा से जोड़कर देखा गया।

नवंबर में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की 22-23 नवंबर की भारत यात्रा पड़ोसी देशों के साथ संबंधों के लिहाज से विशेष रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बातचीत में ऊर्जा, जल संसाधन, संपर्क, बुनियादी ढाँचे और विकास सहयोग पर जोर दिया गया।

इस यात्रा का एक बड़ा परिणाम नेपाल के लिए 15,000 करोड़ रुपये की भारतीय विकास सहायता की घोषणा रही। इसमें 3,500 करोड़ रुपये अनुदान और ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपये की ऋण सुविधा शामिल है। दोनों देशों ने विकसित भारत और समुन्नत नेपाल के साझा विजन को भी अपनाया। सीमा पार बिजली पारेषण, अंतरिक्ष सहयोग, डिजिटल संपर्क और नेपाल में आईआईटी परिसर की स्थापना जैसे विषयों ने इस साझेदारी को नया आयाम दिया।

यह यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण रही क्योंकि भारत और नेपाल के संबंध केवल सरकारों तक सीमित नहीं हैं। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक, धार्मिक, पारिवारिक और आर्थिक रिश्ते सदियों पुराने हैं। ऐसे में विकास परियोजनाओं और संपर्क सुविधाओं का विस्तार क्षेत्रीय स्थिरता के लिए भी अहम है।

नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन की 22-23 नवंबर की यात्रा में भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ उन्होंने वार्षिक विदेश मंत्री-स्तरीय बैठक की शुरुआत की। दोनों पक्षों ने 2026-2030 के रोडमैप की समीक्षा की। जल प्रबंधन, कृषि, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं इस रिश्ते को आर्थिक और तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाती हैं।

नवंबर के अंतिम सप्ताह में डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन की भारत यात्रा भी चर्चा में रही। 28 नवंबर को नई दिल्ली में भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की पांचवीं बैठक हुई, जिसकी सह-अध्यक्षता एस. जयशंकर और डेनमार्क के विदेश मंत्री ने की। दोनों देशों ने 2026-2031 के लिए संयुक्त कार्ययोजना अपनाई। कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में सहयोग से जुड़े समझौते का नवीनीकरण भी हुआ।

भारत और डेनमार्क की हरित रणनीतिक साझेदारी स्वच्छ ऊर्जा, पवन ऊर्जा, जल प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयासों पर आधारित है। इस यात्रा ने दिखाया कि भारत की विकास संबंधी जरूरतें और यूरोपीय देशों की तकनीकी विशेषज्ञता किस तरह एक-दूसरे के पूरक बन सकती हैं।

2026 की इन यात्राओं को एक साथ देखने पर भारत की विदेश नीति के कई आयाम सामने आते हैं। अमेरिका के साथ रणनीतिक और सुरक्षा सहयोग, कनाडा के साथ संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिश, पोलैंड और नीदरलैंड के साथ यूरोपीय साझेदारी, डेनमार्क के साथ हरित तकनीक और नेपाल के साथ विकास एवं संपर्क का विस्तार अलग-अलग प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं।

इन मुलाकातों का महत्व केवल संयुक्त बयानों, समझौतों या निवेश के आंकड़ों तक सीमित नहीं है। इनके जरिए भारत ने अपनी आर्थिक जरूरतों, सुरक्षा हितों और वैश्विक प्राथमिकताओं को अलग-अलग साझेदारों के सामने रखा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि बदलती विश्व व्यवस्था में भारत किसी एक क्षेत्र या शक्ति केंद्र तक अपने कूटनीतिक विकल्प सीमित नहीं रखना चाहता।

रूस-यूक्रेन संघर्ष, पश्चिम एशिया की अस्थिरता, हिंद-प्रशांत में रणनीतिक प्रतिस्पर्धा, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक व्यापार की चुनौतियों के बीच भारत के लिए अलग-अलग देशों के साथ संवाद बनाए रखना आवश्यक है। यही वजह है कि 2026 में भारत आने वाले नेताओं की यात्राएं केवल द्विपक्षीय औपचारिकताएं नहीं रहीं, बल्कि बदलते वैश्विक समीकरणों के बीच भारत की प्राथमिकताओं और साझेदारी के नए रास्तों को समझने का अवसर बनीं।

इन मुलाकातों और बैठकों ने जता दिया कि भारत की कूटनीति का दायरा लगातार व्यापक हो रहा है। अब उसके संवाद का केंद्र केवल राजनीतिक संबंध नहीं, बल्कि व्यापार, तकनीक, रक्षा, ऊर्जा, जलवायु और विकास जैसे परस्पर जुड़े क्षेत्र भी हैं। देश के पास एक रोडमैप है जिस पर वो शान के साथ सबके साथ आगे बढ़ने को तैयार है।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags