भाजपा-आरएसएस के लोग सिर्फ ध्यान भटकाते हैं : प्रियांक खड़गे
बेंगलुरु, 17 अगस्त ( आईएएनएस)। प्रियांक खड़गे ने सोमवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी तरफ से बातें रखीं। उन्होंने वंदे मातरम विवाद पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह कुछ भी नहीं है। यह सिर्फ ध्यान भटकाने की एक प्रक्रिया है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। हमें भाजपा या आरएसएस जैसे संगठनों से इस बात का प्रमाणपत्र नहीं चाहिए कि हम कितने राष्ट्रवादी हैं।
उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में किसी भी प्रकार का योगदान नहीं दिया। राष्ट्र गान और राष्ट्र गीत जैसे मुद्दों का जिक्र कर भाजपा राजनीतिक फायदा प्राप्त करने की कोशिश कर रही है। इससे इन लोगों को किसी कोई फायदा होने वाला नहीं है। वो जितनी मर्जी चाहे, केस दर्ज करा सकते हैं। हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। इन लोगों से हमें राष्ट्रवाद का कोई प्रमाणपत्र नहीं चाहिए।
वहीं, प्रियांक खड़गे ने नेट एग्जाम की परीक्षा की तिथि को रिशेड्यूल किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, अब शिक्षा मंत्री कहां हैं? उन्हें सामने आकर अपनी बात स्पष्ट रूप से रखनी चाहिए। हम इस बात को खारिज नहीं कर सकते हैं कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने धर्मेंद्र प्रधान को लंबे समय तक जाने नहीं दिया था। यही लोग इनके पीछे सुरक्षा तंत्र के रूप में खड़े रहे। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर पूरे देशभर में छात्र आंदोलन करने पर आमादा हो गए। सभी ने यही मांग की कि हर कीमत पर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए। इसके बावजूद भी छात्रों के हित में फैसला लेने में काफी समय लग गया।
आरएसएस के खिलाफ यतींद्र सिद्धारमैया की टिप्पणी पर भी प्रियांक खड़गे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि आरएसएस जैसे संगठनों ने कई लोगों का ब्रेन वॉश किया है। ऐसे संगठनों ने कई लोगों को भ्रमित किया है। संघ के लोगों का राष्ट्र निर्माण में कोई योगदान नहीं रहा है। इसके विपरीत, यही लोग समाज में अराजकता फैलाने की दिशा में हमेशा से ही आगे रहे हैं।
प्रियांक खड़गे ने कहा कि आज की तारीख में कई छात्र पेपर लीक की समस्या से परेशान हैं। आखिर इसके पीछे कौन हैं? निश्चित तौर पर आरएसएस के ही लोग हैं। आखिर किन लोगों ने सभी संस्थाओं को अपने कब्जे में लिया है। जाहिर है कि आरएसएस के लोगों ने ही यह सब किया है। आरएसएस के लोग ही सभी लोगों का ब्रेन वॉश कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि जो गलती हमने की, वो जेन जी नहीं करेगी। जेन जी आरएसएस की पूरी रूपरेखा समझने की कोशिश करेगी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की ओर से चामराजनगर एनकाउंटर की उच्चस्तरीय जांच की मांग पर प्रियांक खड़गे ने कहा कि इस मामले की न्यायिक जांच हो रही है। मैं यही कहूंगा कि बिना तथ्यों को जाने बिना इस पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी नहीं करें । अगर कोई शीर्ष पद पर बैसा व्यक्ति ऐसा करेगा, तो जाहिर सी बात है कि लोग भ्रमित होंगे।
--आईएएनएस
एसएचके/पीएम

