Samachar Nama
×

'ये भारत है, बांग्लादेश-नेपाल नहीं, गलतफहमी न पालें', कृष्ण पाल गुर्जर ने विपक्ष को दिया करारा जवाब

'ये भारत है, बांग्लादेश-नेपाल नहीं, गलतफहमी न पालें', कृष्ण पाल गुर्जर ने विपक्ष को दिया करारा जवाब
'ये भारत है, बांग्लादेश-नेपाल नहीं, गलतफहमी न पालें', कृष्ण पाल गुर्जर ने विपक्ष को दिया करारा जवाब

गुरदासपुर, 3 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मंगलवार को पंजाब के गुरदासपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर देश में अराजकता का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह भारत है, बांग्लादेश और नेपाल नहीं, इसलिए विपक्षी दल किसी गलतफहमी में न रहें।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूरे देश में भाजपा की ओर से 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी कड़ी में गुरदासपुर में भी आयोजित पदयात्रा में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत विपक्षी दल देश में अराजकता का माहौल पैदा कर भारत की तरक्की में बाधा डालना चाहते हैं। देश के भीतर और बाहर ऐसी ताकतें हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ता भारत, आर्थिक शक्ति बनता देश और अपनी विरासत को मजबूत करता भारत पसंद नहीं है। ये ताकतें लोकतंत्र को खतरे में डालकर देश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होंगी।

गुर्जर ने कहा, "इस देश में दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहां कभी भी सत्ता परिवर्तन हुआ है तो जनादेश के जरिए हुआ है, लोगों के वोट से हुआ है। ये भारत है, ये बांग्लादेश-नेपाल नहीं है, इसलिए वो गलतफहमी ना पालें। आज विपक्षी दल हताश और निराश हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि वोट के जरिए सत्ता में आना उनके लिए संभव नहीं है। इसलिए वे देश का माहौल खराब करने में लगे हैं।"

उन्होंने कांग्रेस पर संविधान का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दलों के हाथ में संविधान की प्रति जरूर है, लेकिन उनके दिल में संविधान के प्रति सम्मान नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने सत्ता में रहते हुए संविधान को रौंदने, सुप्रीम कोर्ट के फैसलों की अनदेखी करने और संवैधानिक संस्थाओं पर हमले करने का काम किया।

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश और बिहार में मतपेटियां लूटी जाती थीं और निहत्थे मतदाताओं की हत्या तक होती थी। उन्होंने दावा किया कि पहले मतदान के दौरान लोगों को यह कहकर लौटा दिया जाता था कि उनका वोट पड़ चुका है। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार और बंगाल समेत कई राज्यों में चुनाव हुए और एक भी बूथ पर दोबारा मतदान की नौबत नहीं आई।

पंजाब के हालात पर चिंता जताते हुए गुर्जर ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पंजाब को नशे की गिरफ्त में धकेला और आम आदमी पार्टी की सरकार ने हालात को और खराब कर दिया। उन्होंने कहा कि आज राज्य में नशे की समस्या गंभीर है और लोग भय के माहौल में जी रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब को नशे और भय के माहौल से बाहर निकालने का काम केवल भाजपा कर सकती है। केंद्रीय मंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वादों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने नक्सलवाद, अनुच्छेद 370 और तीन तलाक जैसे मुद्दों पर फैसले लेकर अपने संकल्प पूरे किए हैं। इसी तरह भाजपा पंजाब को भी नशामुक्त और भयमुक्त बनाने का काम करेगी।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags