यौन उत्पीड़न पीड़ितों की देखभाल में संवेदनशीलता और साक्ष्य संरक्षण अहम : केजीएमयू में चिकित्सकों को दिया गया प्रशिक्षण
लखनऊ, 20 नवंबर (आईएएनएस)। यौन उत्पीड़न के मामलों में पीड़ितों को बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ उनकी मानसिक और भावनात्मक स्थिति को समझना भी बेहद जरूरी है। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का संवेदनशील व्यवहार न केवल पीड़ितों के आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है, बल्कि न्याय प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसी उद्देश्य से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के क्वीन मैरी अस्पताल में यौन उत्पीड़न पीड़ितों की चिकित्सा एवं देखभाल को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। क्वीन मैरी अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की ओर से लखनऊ चैप्टर आईएसओपीएआरबी के सहयोग से विभाग के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर 'अप्रोच टू सेक्सुअल असॉल्ट सर्वाइवर्स' विषय पर किशोर स्वास्थ्य कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और मेडिकल विद्यार्थियों को यौन उत्पीड़न के मामलों में चिकित्सकीय जांच, कानूनी प्रक्रियाओं और साक्ष्य संकलन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम की संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू अग्रवाल ने कहा कि यौन उत्पीड़न के मामलों में चिकित्सा देखभाल के साथ पीड़ितों की मानसिक और भावनात्मक स्थिति को समझना भी आवश्यक है। स्वास्थ्यकर्मियों का संवेदनशील व्यवहार पीड़ित के आत्मविश्वास, सुरक्षा और न्याय पाने की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है। कार्यशाला की अध्यक्षता क्वीन मैरी अस्पताल के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एडोलसेंट हेल्थ एंड डेवलपमेंट की नोडल अधिकारी डॉ. सुजाता देव ने की।
इस दौरान केजीएमयू की प्रोफेसर डॉ. मोनिका अग्रवाल ने पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, चिकित्सकों की जिम्मेदारियों, अनिवार्य रिपोर्टिंग और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी दी। फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग की एडिशनल प्रोफेसर डॉ. संगीता कुमारी ने यौन उत्पीड़न के मामलों में चिकित्सकीय परीक्षण, उचित दस्तावेजीकरण, साक्ष्यों के संरक्षण और न्यायालय में चिकित्सक की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र रहा। इसमें मैनेक्विन के माध्यम से पीड़ितों की चिकित्सकीय जांच, पॉक्सो किट के इस्तेमाल, नमूना संग्रह, साक्ष्यों की पैकेजिंग और उनकी सुरक्षित अभिरक्षा की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
प्रतिभागियों को साक्ष्यों की श्रृंखला (चेन ऑफ कस्टडी) बनाए रखने के महत्व से भी अवगत कराया गया, ताकि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान साक्ष्यों की विश्वसनीयता बनी रहे। कार्यशाला में क्वीन मैरी अस्पताल के नर्सिंग अधिकारियों, एमबीबीएस छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में आईएसओपीएआरबी क्विज का भी आयोजन हुआ, जिसकी क्विज मास्टर डॉ. नम्रता कुमार रहीं। समापन सत्र में यौन उत्पीड़न के मामलों में क्या करें और क्या न करें विषय पर चर्चा के साथ प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. वंदना गौतम ने किया। आयोजन सचिव डॉ. मोनिका अग्रवाल और डॉ. वंदना सोलंकी ने आयोजन में सहयोग देने वाले विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।
--आईएएनएस
विकेटी/एमएस

