Samachar Nama
×

यमुनोत्री धाम में रिचुअल वेस्ट निस्तारण अभियान तेज, स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर

यमुनोत्री धाम में रिचुअल वेस्ट निस्तारण अभियान तेज, स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर
यमुनोत्री धाम में रिचुअल वेस्ट निस्तारण अभियान तेज, स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर

उत्तरकाशी, 21 सितंबर (आईएएनएस)। यमुनोत्री धाम एवं पैदल यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के बाद अधिकृत कार्यदायी संस्था सुलभ इंटरनेशनल द्वारा धाम क्षेत्र में रिचुअल वेस्ट (पूजा सामग्री अवशेष) के वैज्ञानिक निस्तारण और सफाई व्यवस्था को गति दी गई है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गत 11 सितंबर को यमुनोत्री धाम का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल से मुलाकात कर मंदिर परिसर में एकत्र पूजा सामग्री एवं कूड़े के निस्तारण को लेकर जानकारी प्राप्त की।

वर्षाकाल में धार्मिक अवशेषों के गीले हो जाने के कारण उनके परिवहन में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए जिलाधिकारी ने बारिश थमने के बाद विशेष रणनीति बनाकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

निर्देशों के अनुपालन में पर्यटन विभाग के माध्यम से सुलभ इंटरनेशनल ने जानकीचट्टी बैरियर से लेकर यमुनोत्री मंदिर परिसर तक विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि मार्ग पर 40 पर्यावरण मित्रों और चार सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। यह टीम पूरे पैदल मार्ग पर नियमित सफाई, ठोस अपशिष्ट संग्रहण तथा उसे जानकीचट्टी स्थित डंपिंग यार्ड तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

सुलभ इंटरनेशनल के अनुसार पूर्व में संचालित एक माह के विशेष अभियान के दौरान प्रतिदिन लगभग 15 खच्चरों के माध्यम से 30 कट्टों में भरी पूजा सामग्री और अन्य धार्मिक अवशेषों को जानकीचट्टी तक पहुंचाया गया। प्रत्येक कट्टे का वजन औसतन 45 से 50 किलोग्राम रहा। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए 18 सितंबर से 15 अतिरिक्त खच्चरों की तैनाती की गई है, जिससे मंदिर क्षेत्र से धार्मिक अवशेषों को नियमित रूप से प्रसंस्करण स्थल तक पहुंचाया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने सुलभ इंटरनेशनल को निर्देश दिए हैं कि यात्रा सत्र की समाप्ति तक स्वच्छता, कचरा संग्रहण और परिवहन की यह विशेष व्यवस्था निरंतर जारी रखी जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुगम और दिव्य वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा यमुनोत्री धाम की पवित्रता और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखा जा सके।

--आईएएनएस

एसएके/एबीएम

Share this story

Tags