यमुना प्राधिकरण ने 8 उद्योगों को सौंपे लेटर ऑफ इंटेंट, 18 हजार से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
ग्रेटर नोएडा, 30 जून (आईएएनएस)। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मंगलवार को प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में निवेश करने वाले आठ औद्योगिक निवेशकों को औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए लेटर ऑफ इंटेंट सौंपे।
इस अवसर पर प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं निवेश प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया समेत अन्य अधिकारी और निवेशक भी मौजूद रहे। यमुना प्राधिकरण के अनुसार, इन आठ औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में करीब 3,181.20 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे लगभग 18,126 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है। ये परियोजनाएं ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेडिकल उपकरण, फूड प्रोसेसिंग, कॉस्मेटिक्स, प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) निर्माण और स्टील फर्नीचर जैसे विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जाएंगी।
इससे यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है। सबसे बड़ा निवेश संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। कंपनी को सेक्टर-8डी में 50 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहां वह 1,156 करोड़ रुपये के निवेश से ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना से करीब 8,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
इसके अलावा बालर मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड को 8 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 300 करोड़ रुपये के निवेश से इंटीग्रेटेड स्मार्ट इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग, अनुसंधान एवं निर्यातोन्मुख इकाई स्थापित करेगी, जिससे करीब 1,500 रोजगार सृजित होंगे। त्रिवेणी अलमारियों प्राइवेट लिमिटेड 10 एकड़ भूमि पर 375 करोड़ रुपये के निवेश से स्टील अलमारी और स्टील फर्नीचर निर्माण इकाई स्थापित करेगी।
इस परियोजना से लगभग 458 लोगों को रोजगार मिलेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में आनन्दित हेल्थकेयर को 8 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 500 करोड़ रुपये के निवेश से मेडिकल एवं हेल्थकेयर ग्लव्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे करीब 750 रोजगार उपलब्ध होंगे। फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में क्रिस्पी सिटी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड को 4 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 122 करोड़ रुपये के निवेश से फूड प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग यूनिट लगाएगी, जिससे लगभग 4,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
वहीं, इनोवेक्स प्रोडक्ट्स एलएलपी भी 3 एकड़ भूमि पर 140 करोड़ रुपये के निवेश से फूड प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग इकाई स्थापित करेगी, जिससे करीब 2,000 रोजगार सृजित होंगे। कॉस्मेटिक्स और पर्सनल केयर उत्पाद निर्माण के क्षेत्र में ए जी ऑर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड को 3 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी 259.90 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और इस परियोजना से 1,118 लोगों को रोजगार मिलेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में अपार इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड को 2.5 एकड़ भूमि आवंटित की गई है।
कंपनी 29.30 करोड़ रुपये के निवेश से प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (पीसीबी) एवं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे करीब 300 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। इस अवसर पर सीईओ राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण निवेशकों को पारदर्शी, त्वरित और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीएससी

