यमुना प्राधिकरण की जमीन के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला यूटीएल होम्स का डायरेक्टर गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 16 नवंबर (आईएएनएस)। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में दनकौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूटीएल होम्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर यमुना प्राधिकरण द्वारा अधिसूचित जमीन का वास्तविक रकबा कम होने के बावजूद पीड़िता को अधिक क्षेत्रफल की जमीन बेचने का आरोप है।
इस मामले में शिकायत मिलने के बाद थाना दनकौर में धोखाधड़ी समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस काफी समय से मामले में वांछित चल रहे आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, यूटीएल होम्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर अनुराग प्रताप राय पर आरोप है कि उन्होंने जमीन के क्षेत्रफल को लेकर धोखाधड़ी की।
बताया गया है कि जिस जमीन का सौदा पीड़िता के साथ किया गया, वह यमुना प्राधिकरण द्वारा अधिसूचित क्षेत्र में आती थी। आरोप है कि जमीन का वास्तविक रकबा कम होने के बावजूद आरोपी ने पीड़िता को अधिक रकबे की जमीन विक्रय कर दी। इस तरह जमीन के वास्तविक क्षेत्रफल और बिक्री के दौरान बताए गए क्षेत्रफल में अंतर होने के कारण पीड़िता को कथित तौर पर धोखाधड़ी का सामना करना पड़ा। इस संबंध में पीड़िता की ओर से थाना दनकौर में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 को थाना दनकौर पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अनुराग प्रताप राय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को ग्राम अमरपुर के पास बनी एक साइट के नजदीक से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुराग प्रताप राय पुत्र योगेश राय के रूप में हुई है। वह नोएडा के सेक्टर-168 स्थित वी गोल्डन पाम सोसाइटी का निवासी है। उसकी उम्र करीब 46 वर्ष बताई गई है। आरोपी यूटीएल होम्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में डायरेक्टर के पद पर है।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अधिसूचित जमीन से जुड़े मामलों में खरीदारों के लिए जमीन के वास्तविक क्षेत्रफल, स्वामित्व और प्राधिकरण से संबंधित दस्तावेजों की जांच करना बेहद जरूरी है। फिलहाल पुलिस इस मामले में दर्ज मुकदमे के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी

