'यह राष्ट्रवाद और विकास की विजय', बंगाल-असम और पुडुचेरी में चुनावी जीत पर झारखंड भाजपा ने मनाया जश्न
रांची, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर झारखंड के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह है। सोमवार की शाम को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में नेताओं ने मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी नतीजों पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे लोकतंत्र और राष्ट्रवाद की जीत बताया है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बंगाल की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह जनादेश टीएमसी के 'गुंडा राज', सिंडिकेट सिस्टम, महिला असुरक्षा और घुसपैठ की समस्याओं के खिलाफ है। मरांडी ने कहा कि बंगाल अब प्रधानमंत्री के 'विकसित भारत' के संकल्प के साथ नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है।
उन्होंने असम की जीत पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को भी बधाई दी और कहा कि वहां की जनता ने शांति, सुरक्षा और सतत विकास के पक्ष में मतदान किया है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने बंगाल की जीत को वर्षों के संघर्ष और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि 2021 के चुनाव से शुरू हुआ कार्यकर्ताओं का साहस आज इस बड़े परिवर्तन की नींव बना है। मुंडा ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के परिश्रम को दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि असम और पुडुचेरी में भाजपा को मिला दोबारा जनादेश विकास की राजनीति पर जनता की मुहर है।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बंगाल की जीत को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों और अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का सार्थकता बताया। उन्होंने विशेष रूप से बंगाल की 'मातृशक्ति' का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने साहस के साथ इस परिवर्तन का समर्थन किया। दास ने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक विजय नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और बदलाव की आकांक्षा की जीत है। उन्होंने असम और पुडुचेरी की जनता के प्रति भी शानदार जीत के लिए आभार प्रकट किया है।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी

