Samachar Nama
×

'यह काफी आसान जीत थी, आगे बढ़ने से खुश हूं,' सिर्फ 26 मिनट में मुकाबला जीतकर तीसरे दौर में पहुंचे आयुष शेट्टी

'यह काफी आसान जीत थी, आगे बढ़ने से खुश हूं,' सिर्फ 26 मिनट में मुकाबला जीतकर तीसरे दौर में पहुंचे आयुष शेट्टी
'यह काफी आसान जीत थी, आगे बढ़ने से खुश हूं,' सिर्फ 26 मिनट में मुकाबला जीतकर तीसरे दौर में पहुंचे आयुष शेट्टी

नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में बुधवार को भारत के आयुष शेट्टी ने श्रीलंका के डुमिंडू अबेविक्रमा के खिलाफ 21-8, 21-10 से जीत हासिल की। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले को जीतकर आयुष ने चैंपियनशिप के तीसरे राउंड में जगह बना ली है।

आयुष शेट्टी ने यह मैच सिर्फ 26 मिनट में अपने नाम किया। अगले दौर में पहुंचने पर उन्होंने पत्रकारों से कहा, "यह काफी आसान जीत थी। मैं अच्छा खेल रहा था। इस जीत के बाद आगे बढ़ने से खुश हूं।"

इससे पहले, आयुष ने वर्ल्ड नंबर 1 शी यू क्यूई के खिलाफ शानदार जीत हासिल की थी। आयुष ने कहा, "मैं उस जीत को भूलने की कोशिश कर रहा था। मैं पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलना चाहता था। यह एक नया राउंड है, यहां एक नया विरोधी है। मैं हेड-टू-हेड में भी 0-1 से पीछे था, इसलिए मैं अच्छी तरह से तैयार था।"

इस जीत के साथ शेट्टी प्रतियोगिता में बचे एकमात्र भारतीय मेंस सिंगल्स खिलाड़ी बन गए हैं, क्योंकि उसी दिन इससे पहले लक्ष्य सेन को दूसरे राउंड में अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा था।

14वें सीडेड खिलाड़ी लक्ष्य साल 2021 में वर्ल्ड चैंपियनशिप का ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर चुके थे, लेकिन बुधवार को यूएसए के गैरेट टैन के खिलाफ एक गेम से आगे रहने के बावजूद 73 मिनट तक चले मुकाबले को 19-21, 21-19, 21-17 से गंवा बैठे। हालांकि, लक्ष्य की हार के बावजूद आयुष खुद पर कोई दबाव महसूस नहीं कर रहे थे।

उन्होंने कहा, "लक्ष्य की हार दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन मैं ज्यादा फोकस करूंगा, बजाय दूसरे मुकाबलों के नतीजों के बारे में सोचने के। आप जानते हैं, अपने बेहतरीन दिन में हर कोई अच्छा खेलता है। चाहे टॉप-100 में शामिल खिलाड़ी हो या उससे बाहर का कोई खिलाड़ी। हर कोई बहुत अच्छा बैडमिंटन खेल रहा है। मुकाबले सच में बहुत कठिन हैं। आपको लगभग हर दिन अपना श्रेष्ठ देना होता है। आपको पूरी तैयारी के साथ आना होता है और मजबूती से खेलना होता है। मेंस सिंगल्स बहुत मुश्किल है। इसमें कोई भी जीत हासिल कर सकता है। अपने अच्छे दिन पर, कोई भी किसी को मात दे सकता है। मैं हर मैच को एक मुश्किल मुकाबले के तौर पर देखूंगा। मैं अच्छी तैयारी करूंगा।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story