'यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है', राष्ट्रपति ने सुवर्णा राज समेत मेडल जीतने वाले पैरा खिलाड़ियों को दी बधाई
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। एशियन पैरा गेम्स 2026 में गुरुवार को सुवर्णा राज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए डिस्कस थ्रो में देश को गोल्ड मेडल दिलाया। वहीं, स्वाति ने आर्चरी में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। बैडमिंटन में भी भारत के हाथ कामयाबी लगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर व्हीलचेयर बैडमिंटन में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर अल्फिया जेम्स और पल्लवी के.एम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिला डबल्स व्हीलचेयर बैडमिंटन में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर अल्फिया जेम्स और पल्लवी के.एम. को मेरी हार्दिक बधाई। इन खेलों में व्हीलचेयर बैडमिंटन में भारत के लिए पहला मेडल जीतकर, आपने देश में पैरा खेलों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं आपके निरंतर सफल होने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे भी शानदार प्रदर्शन करने की कामना करती हूं।"
राष्ट्रपति ने बैडमिंटन में अभिजीत सखूजा को भी मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की बैडमिंटन सिंगल्स स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मैं अभिजीत सखूजा को हार्दिक बधाई देती हूं। अपने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण (डेब्यू) पर ही मेडल जीतना एक शानदार उपलब्धि है। उम्मीद है कि यह बेहतरीन शुरुआत भविष्य में और भी कई जीत हासिल करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।"
राष्ट्रपति ने बैडमिंटन मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज जीतने वाली सुमति सिवन और कृष्णा नागर की जोड़ी के प्रदर्शन को सराहा। उन्होंने लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में बैडमिंटन मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सुमति सिवन और कृष्णा नागर को हार्दिक बधाई। पूरे टूर्नामेंट के दौरान आप दोनों ने जिस जज्बे का प्रदर्शन किया, उसने दर्शकों को बहुत खुशी दी है। आप इसी जोश के साथ खेलते रहें और सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएं।"
डिस्कस थ्रो में गोल्ड जीतने वालीं सुवर्णा राज को राष्ट्रपति ने बधाई देते हुए लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने पर सुवर्णा राज को हार्दिक बधाई। यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो आपकी असाधारण क्षमताओं के कारण संभव हो पाई है। आपकी यह सफलता अन्य कई खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य रखने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने के लिए प्रेरित करे।"
प्रमोद भगत और मनीषा रामदास को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में बैडमिंटन मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर प्रमोद भगत और मनीषा रामदास को बधाई। आप दोनों ने कोर्ट पर शानदार टीम वर्क दिखाया। हर मेडल के पीछे लाइमलाइट से दूर, कई घंटों की कड़ी मेहनत और तैयारी होती है। आपकी यह जीत खेल के प्रति आपके समर्पण को दर्शाती है। बहुत बढ़िया।"
व्यक्तिगत तीरंदाजी में सिल्वर जीतने पर राष्ट्रपति ने स्वाति चौधरी को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की व्यक्तिगत तीरंदाजी स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने पर स्वाति चौधरी को हार्दिक बधाई। इस स्पर्धा में भारत के लिए पहला मेडल जीतकर आपने इतिहास रचा है और इस खेल के लिए एक नई राह खोली है। आपकी यह उपलब्धि तीरंदाजी के अन्य खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी कि वे ऊंचे लक्ष्य रखें और पूरे संकल्प के साथ अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ें।"
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम

