Samachar Nama
×

'यादववादी पार्टी' में गैर-यादव ओबीसी नेताओं का सम्मान नहीं, सोनेलाल पटेल की अनदेखी इसका सबूत: ओमप्रकाश राजभर

'यादववादी पार्टी' में गैर-यादव ओबीसी नेताओं का सम्मान नहीं, सोनेलाल पटेल की अनदेखी इसका सबूत: ओमप्रकाश राजभर
'यादववादी पार्टी' में गैर-यादव ओबीसी नेताओं का सम्मान नहीं, सोनेलाल पटेल की अनदेखी इसका सबूत: ओमप्रकाश राजभर

लखनऊ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। सुभासपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कुर्मी समाज के अपमान का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है। राजभर ने कहा कि सामाजिक न्याय के प्रखर नेता और अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर अखिलेश यादव द्वारा श्रद्धांजलि तक नहीं देना यह साबित करता है कि सपा में गैर-यादव पिछड़े वर्ग के नेताओं के प्रति सम्मान का अभाव है।

उन्होंने दावा किया कि सपा 'यादववादी पार्टी' बन चुकी है और गैर-यादव ओबीसी नेताओं की उपेक्षा उसकी राजनीतिक सोच का हिस्सा है। सुभासपा मुखिया ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि राजा बाबू उर्फ अखिलेश यादव जी, सुप्रभात। उन्होंने कहा कि आज मैं बात आपसे करूंगा, लेकिन बात कुर्मी समाज के भाइयों की होगी। बात उनके सम्मान की होगी, उनके नेता की होगी, उनके नेता के तिरस्कार की होगी।

राजभर ने कहा कि तीन दिन पहले, यानी दो जुलाई को, सामाजिक न्याय के प्रखर पुरोधा एवं वंचित, शोषित, तथा पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए आजीवन समर्पित श्रद्धेय डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती थी। याद है न? आपको शायद पता भी ना हो, लेकिन डॉ. सोनेलाल जी की जयंती थी। उन्होंने कहा कि आपके सोशल मीडिया हैंडल पर नजर दौड़ाई तो देखा कि कुर्मी समाज के शीर्ष नेता डॉ. सोनेलाल पर आपने एक शब्द नहीं लिखा। श्रद्धेय डॉ. सोनेलाल के लिए श्रद्धांजलि, श्रद्धा सुमन, आदर, या सम्मान में आपके पास दो शब्द नहीं थे।

मंत्री ने कहा कि ऐसा लगता है जैसे आपके लिए नायक होने की पहली शर्त है, यादव होना। कुर्मी या गैर यादव ओबीसी एवं दलित नायकों को आप नायक नहीं मानते। उनके प्रति इनके हृदय में कोई सम्मान नहीं, बल्कि घृणा का भाव है। उन्होंने कहा कि अखिलेश, जीवन में राजनीतिक शुचिता और मर्यादा भी होती है। आप थोड़ा उसका तो ध्यान कर लेते। श्रद्धेय सोनेलाल की बेटी ने आपको ठीक एक दिन पहले यानी एक जुलाई को आपको जन्मदिन पर बधाई दी थी। उनमें राजनीतिक शुचिता, सम्मान और आदर है पर आप में नहीं। ये यादव-मुस्लिम गठजोड़ में अहंकारी हो गए हैं।

मंत्री राजभर ने कहा कि श्रद्धेय सोनेलाल की एक बेटी से भले आपके राजनीतिक मतभेद हैं, लेकिन दूसरी बेटी तो आपके ही साथ है। आपकी पार्टी के विधायक हैं। डॉ. सोनेलाल पटेल की पत्नी और एक बेटी आपकी सहयोगी हैं। फिर भी सम्मान के एक शब्द नहीं? इस बात का ध्यान तो रखते कि श्रद्धेय सोनेलाल सामाजिक न्याय की लड़ाई के बड़े पुरोधाओं में से एक थे। उनका सम्मान तो आपके पिता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी भी करते थे। कम से कम अपने पिता की परंपरा का ही निर्वहन कर लेते।

सुभासपा प्रमुख ने कहा कि पूरा कुर्मी समाज ये मान रहा है कि सिर्फ कुर्मी होने की वजह से आपने उन्हें श्रद्धांजलि नहीं दी। अगर यादव होते तो धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित कर दिए जाते। उन्होंने कहा कि एक बात है 'वाईपी' में कुर्मी नेताओं की क्या दुर्गति होती है, इसे पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। स्वर्गीय बाबू बेनी प्रसाद वर्मा को 'यादववाद' के कारण ही तो आपकी पार्टी छोड़नी पड़ी थी। दोबारा वो आपकी पार्टी में तब आए, जब आपकी पूरी पार्टी उनके कदमों में सरेंडर हो गई।

राजभर ने कहा कि मैं तो कहूंगा कुर्मी भाइयों से कि ‘यादववादी पार्टी’ की यही सच्चाई है। जितनी जल्दी स्वीकार कर लेंगे, आप ही लोगों के हित में रहेगा। वैसे, हमारा स्वाभिमान बचा रहे यही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। बाकी बहुजनों की लड़ाई ओम प्रकाश हमेशा से लड़ता आया है और लड़ता रहेगा। जय भारत, जय श्री राम, जय महाराज सुहेलदेव।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags