Samachar Nama
×

शी चिनफिंग ने स्वस्थ चीन के निर्माण में तेजी लाने पर जोर दिया

शी चिनफिंग ने स्वस्थ चीन के निर्माण में तेजी लाने पर जोर दिया
शी चिनफिंग ने स्वस्थ चीन के निर्माण में तेजी लाने पर जोर दिया

बीजिंग, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीन की राजधानी पेइचिंग में 12 और 13 अक्टूबर को चीनी राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सम्मेलन आयोजित हुआ। इस सम्मेलन में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने हिस्सा लिया और महत्वपूर्ण भाषण दिया।

उन्होंने कहा कि 15वीं पंचवर्षीय योजना (2026-2030) का दौर 2035 तक स्वस्थ चीन का लक्ष्य हासिल करने के लिहाज से बेहद अहम है। उन्होंने चीनी विशेषताओं वाले स्वास्थ्य विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने, नए युग की स्वास्थ्य नीति लागू करने और स्वास्थ्य सेवाओं के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य स्तर में लगातार सुधार करना और स्वस्थ चीन के निर्माण में निर्णायक प्रगति हासिल करना जरूरी है।

शी चिनफिंग ने कहा कि जनता का स्वास्थ्य किसी भी देश की समृद्धि और ताकत का महत्वपूर्ण पैमाना है। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की 18वीं राष्ट्रीय कांग्रेस के बाद से ही पार्टी की केंद्रीय समिति ने लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा को सर्वोच्च रणनीतिक प्राथमिकता दी है। इसी दिशा में नए युग की स्वास्थ्य नीति तैयार की गई और स्वस्थ चीन के निर्माण का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। इसके तहत चीन ने दुनिया की सबसे बड़ी चिकित्सा सेवा प्रणाली के साथ-साथ पारंपरिक चिकित्सा एवं औषधि, रोग नियंत्रण और चिकित्सा सुरक्षा प्रणालियों के विकास को भी बढ़ावा दिया है।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से चीन के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं और व्यापक प्रगति हुई है।

उन्होंने आगे कहा कि चीन को ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करनी है, जो संतुलित, सबकी पहुंच में और उच्च गुणवत्ता वाली होने के साथ-साथ कुशल भी हो। इसके लिए स्वास्थ्य प्रबंधन, रोग नियंत्रण, चिकित्सा सेवाओं, चिकित्सा बीमा, दवाओं में नवाचार और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कुशल लोगों को तैयार करने की क्षमता मजबूत करनी होगी। उन्होंने जोर दिया कि इन सभी क्षेत्रों में सुधार के जरिए लोगों की लगातार बढ़ती स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकता है।

शी चिनफिंग ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र की भूमिका व्यापक और बुनियादी महत्व की है। इसलिए विकास की नीतियों में स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना जरूरी है। लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा को विभिन्न नीतियों का हिस्सा बनाया जाना चाहिए और इसे हर स्तर पर ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि योजनाएं बनाने, नीतियां तैयार करने, परियोजनाओं का मूल्यांकन करने और निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने के दौरान लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

इसके साथ ही, शी चिनफिंग ने कहा कि बीमारियों की रोकथाम स्वास्थ्य की रक्षा का सबसे किफायती और प्रभावी तरीका है। इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं की बुनियादी व्यवस्था मजबूत करने और बीमारियों की रोकथाम के लिए शुरुआती स्तर पर ही ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने पूरे समाज से स्वास्थ्य के प्रति सही सोच अपनाने का आह्वान किया। साथ ही, लोगों को अपनी सेहत का ध्यान रखने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने स्वास्थ्य का बेहतर प्रबंधन करने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/

Share this story

Tags