शी चिनफिंग के विशेष दूत काओ चितान ने युवा ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में लिया हिस्सा
बीजिंग, 1 नवंबर (आईएएनएस)। सेनेगल सरकार के निमंत्रण पर चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के विशेष दूत और चीनी राष्ट्रीय खेल महा ब्यूरो के महानिदेशक काओ चितान ने शनिवार को सेनेगल की राजधानी डकार में चौथे युवा ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया।
इसी दिन सुबह सेनेगल के राष्ट्रपति बसीरू डियोमाये फेय ने डकार में काओ चितान से मुलाकात भी की। इस मुलाकात के दौरान काओ चितान ने राष्ट्रपति फेय को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि चीन, चीन-सेनेगल और चीन-अफ्रीका संबंधों के विकास को काफी महत्व देता है। चीन दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने का इच्छुक है।
उन्होंने यह भी कहा कि ओलंपिक आंदोलन शांति, एकता और समावेशिता को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाता है। चीन इस भूमिका का बेहतर इस्तेमाल करते हुए नए युग में चीन और अफ्रीका के बीच हर परिस्थिति में साथ खड़े रहने वाले साझा भविष्य समुदाय के निर्माण में और अधिक योगदान देना चाहता है।
वहीं, राष्ट्रपति बसीरू डियोमाये फेय ने काओ चितान से चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग तक अपनी शुभकामनाएं पहुंचाने का अनुरोध किया। उन्होंने चौथे युवा ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह में अपना विशेष दूत भेजने के लिए राष्ट्रपति शी का आभार भी जताया।
राष्ट्रपति फेय ने सेनेगल और चीन के बीच संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि चीन उनके देश के सबसे महत्वपूर्ण साझेदारों में से एक है। उन्होंने सेनेगल के आर्थिक और सामाजिक विकास के साथ-साथ युवा ओलंपिक के आयोजन में लंबे समय से मिल रहे सहयोग और समर्थन के लिए राष्ट्रपति शी चिनफिंग तथा चीनी सरकार का धन्यवाद किया।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

