शी जिनपिंग अमेरिका पहुंचे, ट्रंप खुद एयरपोर्ट गए स्वागत करने; वीडियो में जाने आज व्हाइट हाउस में होगी औपचारिक मुलाकात
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग गुरुवार सुबह अमेरिका पहुंचे। उनके स्वागत के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद जॉइंट बेस एंड्रयूज एयरपोर्ट पहुंचे। ट्रंप के साथ उनकी पत्नी और अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद थीं। शी जिनपिंग के साथ उनकी पत्नी पेंग लियुआन भी अमेरिका पहुंची हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात को अमेरिका-चीन संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
ट्रंप ने प्रोटोकॉल तोड़कर किया स्वागत
शी जिनपिंग के अमेरिका पहुंचने पर राष्ट्रपति ट्रंप खुद एयरपोर्ट पहुंचे और उनका स्वागत किया। आमतौर पर राष्ट्राध्यक्षों के स्वागत के लिए तय प्रोटोकॉल के तहत अन्य अधिकारी मौजूद रहते हैं, लेकिन ट्रंप के खुद एयरपोर्ट पहुंचने से इस मुलाकात को विशेष महत्व मिला।एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का अभिवादन किया। इस दौरान मेलानिया ट्रंप और पेंग लियुआन भी मौजूद रहीं। शी जिनपिंग के दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
व्हाइट हाउस में होगा औपचारिक स्वागत
आज शी जिनपिंग का व्हाइट हाउस में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इस समारोह में अमेरिकी सैन्यकर्मियों की मौजूदगी रहेगी और सैन्य विमानों का फ्लाईओवर भी होगा। करीब 500 अमेरिकी सैन्यकर्मियों के समारोह में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।औपचारिक स्वागत समारोह के बाद ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी। इसमें दोनों देशों के बीच संबंधों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
व्यापार और टैरिफ पर होगी बातचीत
ट्रंप और शी की बैठक में व्यापार और टैरिफ प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकते हैं। अमेरिका और चीन के बीच लंबे समय से व्यापार और आयात शुल्क को लेकर मतभेद रहे हैं। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच बातचीत में इन मुद्दों पर संभावित समझौते और आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से जुड़े मुद्दे भी बातचीत के एजेंडे में रहने की संभावना है। दोनों देश AI और तकनीकी क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर प्रमुख भूमिका रखते हैं।
ताइवान और रूस पर भी नजर
बैठक में ताइवान से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा होने की संभावना है। अमेरिका और चीन के बीच ताइवान को लेकर लंबे समय से मतभेद रहे हैं। इसके अलावा रूस से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच बातचीत हो सकती है।
रात में स्टेट डिनर देंगे ट्रंप
शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा के दौरान रात में राष्ट्रपति ट्रंप व्हाइट हाउस में उनके और पेंग लियुआन के सम्मान में स्टेट डिनर आयोजित करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के शीर्ष अधिकारियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है।शी जिनपिंग की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, तकनीक और वैश्विक रणनीतिक मुद्दों को लेकर रिश्ते अहम दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में दोनों राष्ट्राध्यक्षों की बातचीत पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।

