Samachar Nama
×

डब्ल्यूपीएल 2027: जी. कमलिनी पूरी तरह उपलब्ध, प्लेयर ऑक्शन पूल में चार नए नाम जुड़े

डब्ल्यूपीएल 2027: जी. कमलिनी पूरी तरह उपलब्ध, प्लेयर ऑक्शन पूल में चार नए नाम जुड़े
डब्ल्यूपीएल 2027: जी. कमलिनी पूरी तरह उपलब्ध, प्लेयर ऑक्शन पूल में चार नए नाम जुड़े

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की नीलामी सूची में पांचों फ्रेंचाइजी की मांग पर चार और खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। साथ ही, भारत की विकेटकीपर-बल्लेबाज जी. कमलिनी पूरे सत्र के लिए उपलब्ध रहेंगी। यह जानकारी एक सूत्र ने 'आईएएनएस' को दी।

2027 डब्ल्यूपीएल ऑक्शन पूल में अब कुल 150 खिलाड़ी हो गए हैं। इसमें शामिल होने वाले नए खिलाड़ियों में दिल्ली की ऑलराउंडर मेधावी बिधूड़ी और समायरा राघव, न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाज ब्री इलिंग, और उत्तर प्रदेश की गेंदबाज अवन्या जैन शामिल हैं। ऑक्शन बुधवार को कोच्चि में शाम 5:30 बजे शुरू होगा।

सूत्र ने मंगलवार को 'आईएएनएस' को बताया, "हां, आज हुई ऑक्शन ब्रीफिंग के दौरान चार खिलाड़ियों को लिस्ट में जोड़ा गया, जिसकी जानकारी सभी पांच टीमों को दे दी गई है। टीमों को यह भी बताया गया कि जी. कमलिनी डब्ल्यूपीएल 2027 के लिए पूरी तरह उपलब्ध हैं, क्योंकि वह अंडर-19 वर्ल्ड कप 2027 में नहीं खेल रही हैं।"

इससे पहले, कमलिनी की 2027 डब्ल्यूपीएल में उपलब्धता को लेकर सवाल उठ रहे थे, क्योंकि माना जा रहा था कि वह अगले साल होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेल सकती हैं। यह टूर्नामेंट 14 जनवरी से 7 फरवरी तक चलेगा, जो डब्ल्यूपीएल के पांचवें सीजन के साथ टकरा रहा था।

दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने पिछले महीने रिटेंशन की समय-सीमा के दौरान कमलिनी को रिलीज कर दिया था, जिनका कॉन्ट्रैक्ट 1.1 करोड़ रुपए का था। लेकिन अब, कमलिनी (जिन्होंने अपना बेस प्राइस 40 लाख रुपए रखा है) डब्ल्यूपीएल के लिए पूरी तरह उपलब्ध हैं। इसका मतलब है कि ऑक्शन में उन्हें एक अच्छी रकम मिल सकती है। ऑक्शन में अभी 27 स्लॉट खाली हैं, और विकेटकीपर-बल्लेबाजों की काफी मांग रहने की उम्मीद है। लेग-स्पिन गेंदबाजी करने वाली मेधावी, दिल्ली प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) महिला प्रतियोगिता में अपने '6-7' सेलिब्रेशन के कारण वायरल हो गई हैं।

वहीं, समायरा ने अंडर-19 महिला टी20 ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया है और माना जा रहा है कि उन्हें अंडर-19 महिला टी20 चैलेंजर्स टूर्नामेंट के लिए चुना जाएगा; इसी वजह से उन्हें डब्ल्यूपीएल ऑक्शन पूल में देर से शामिल किया गया।

2027 डब्ल्यूपीएल ऑक्शन की शुरुआत 'कैप्ड' खिलाड़ियों के एक पूरे राउंड से होगी, जिसके बाद 'अनकैप्ड' खिलाड़ियों का एक पूरा राउंड होगा। 50वें खिलाड़ी के बाद, 'एक्सेलरेटेड राउंड' (तेज राउंड) शुरू हो सकते हैं। हर टीम का कुल बजट 15 करोड़ रुपए है। यूपी वॉरियर्स, जो 2026 में सबसे आखिरी स्थान पर रही थी और चार सीजन में कभी फाइनल तक नहीं पहुंच पाई, उसके पास खर्च करने के लिए सर्वाधिक 3.75 करोड़ रुपए हैं।

मेग लैनिंग की कप्तानी वाली इस टीम को आठ स्लॉट भरने हैं, जिनमें 5 भारतीय और 3 विदेशी खिलाड़ियों के स्थान शामिल हैं। गुजरात जायंट्स के पास तीन स्लॉट भरने के लिए 1.25 करोड़ रुपए का बजट है, जिसमें से एक स्थान विदेशी खिलाड़ी के लिए है।

डिफेंडिंग चैंपियन और दो बार की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास 5 स्लॉट भरने के लिए 1.15 करोड़ रुपए हैं, जिनमें से दो विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। चार बार रनर-अप रही दिल्ली कैपिटल्स के पास पांच स्लॉट भरने के लिए 1.10 करोड़ रुपए हैं, जिनमें से एक विदेशी खिलाड़ी के लिए है। मुंबई इंडियंस के पास छह भारतीय खिलाड़ियों के स्लॉट भरने के लिए 90 लाख रुपए का बजट है।

ऑक्शन पूल में सबसे बड़े विदेशी नामों में ऑस्ट्रेलिया की टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सोफी मोलिनक्स और जेस जोनासेन शामिल हैं। मोलिनक्स ने अपना बेस प्राइस 50 लाख रुपए रखा है, जबकि कंधे की चोट के कारण 2026 सीजन नहीं खेल पाई थीं।

स्कॉटलैंड की विकेटकीपर-बल्लेबाज सारा ब्राइस भी एक ऐसा नाम हैं जिन पर 5 टीमों की नजर रहेगी, और साथ ही भारत की ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर स्नेह राणा भी इसमें शामिल हैं। अनकैप्ड बल्लेबाज वृंदा दिनेश, गोंगाडी त्रिशा, सानिका चालके और मुंबई की 15 वर्षीय उभरती हुई बल्लेबाज इरा जाधव को लेकर पांचों फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी बोली लग सकती है।

हालांकि, जेस को गर्दन में चोट लगी है, जिसकी वजह से वह आगामी विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में नहीं खेल पाएंगी। भले ही उनके नए साल में वापसी करने की उम्मीद है, लेकिन 2027 डब्ल्यूपीएल के लिए टीमों द्वारा उन्हें चुनना काफी मुश्किल हो सकता है। अगर इरा को भारत की अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप टीम में चुन लिया जाता है, तो डब्ल्यूपीएल 2027 में उनका खेलना भी संदिग्ध हो सकता है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags