वर्ल्ड स्क्वैश चैंपियनशिप: रमित टंडन और वेलावन सेंथिलकुमार पहले राउंड में हारे
गीजा, 9 मई (आईएएनएस)। रमित टंडन और वेलावन सेंथिलकुमार शनिवार को मिस्र के गीजा में वर्ल्ड स्क्वैश चैंपियनशिप के पुरुषों के पहले राउंड में हार गए।
वीर चोटरानी के पहले राउंड में अपने से बेहतर रैंक वाले हमवतन अभय सिंह को हराने के एक दिन बाद, दुनिया के 40वें नंबर के टंडन मिस्र के दुनिया के 21वें नंबर के करीम एल टॉर्की से 6-11, 11-7, 6-11, और 0-11 से हार गए। वहीं, सेंथिलकुमार को विश्व के 5वें नंबर के खिलाड़ी विक्टर क्रूइन के खिलाफ 11-8, 11-8, 11-3 से हार का सामना करना पड़ा।
पहले गेम में एशियन गेम्स के मेडलिस्ट अभय सिंह को कड़े टाई-ब्रेक में हराने के बाद, वीर चोटरानी अगले दो गेम हारकर मुश्किल में पड़ गए। हालांकि, चोटरानी ने अपने हमवतन के खिलाफ वापसी करते हुए अगले दो गेम जीते और दूसरे राउंड में पहुंच गए।चोटरानी ने कहा, "वर्ल्ड चैंपियनशिप के पहले राउंड में अपने हमवतन के खिलाफ खेलना जाहिर तौर पर मुश्किल होता है। हम नहीं चाहते कि हमारे में से कोई पहले राउंड में बाहर हो जाए, लेकिन यह प्लान किया गया था और मैं बहुत खुश हूं कि मैं आगे बढ़ पाया।"
उन्होंने आगे कहा, "पिछले कुछ हफ्तों में मैंने जो मेहनत की है, उसके लिए यह मेरे आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला है। ऐसा नतीजा मिलना बहुत सकारात्मक है। पिछली बार जब हम भारत में फाइनल में खेले थे, तो मैं अभय से हार गया था और मैं उस प्रदर्शन से बहुत निराश था।" चोटरानी रविवार को दूसरे राउंड में मिस्र के दुनिया के नंबर 1 और मौजूदा चैंपियन मुस्तफा असल से भिड़ेंगे।
पिछले साल शिकागो में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में, इंडिया का कैंपेन दूसरे राउंड में ही खत्म हो गया था। अनाहत सिंह, वीर चोटरानी, अभय सिंह और रमित टंडन सभी कॉम्पिटिटिव हार के बाद बाहर हो गए, जबकि वेलावन सेंथिलकुमार शुरुआती राउंड में ही बाहर हो गए। भारत ने वर्ल्ड स्क्वैश चैंपियनशिप के सिंगल्स इवेंट्स में अब तक कोई मेडल नहीं जीता है।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

