Samachar Nama
×

वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप: लड़कों के सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुंचे जगशेर सिंह, भारत का मेडल सुनिश्चित

वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप: लड़कों के सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुंचे जगशेर सिंह, भारत का मेडल सुनिश्चित
वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप: लड़कों के सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुंचे जगशेर सिंह, भारत का मेडल सुनिश्चित

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के जगशेर सिंह खंगुरा ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में मेडल सुनिश्चित कर लिया है। गुरुवार को मिस्र के काहिरा में जगशेर सिंह ने पहला गेम हारने के बाद वापसी करते हुए चीनी ताइपे के युआन-स्यु जुआंग को हराया और लड़कों के सिंगल्स सेमीफाइनल में जगह बनाई।

पंजाब के नाभा शहर के रहने वाले 17 वर्षीय जगशेर सिंह ने 48 मिनट तक चले मुकाबले में जुआंग को 6-15, 17-15, 15-12 से हराया। इसके साथ ही, वे भारत के नौवें ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने लड़कों के सिंगल्स में पोडियम (पदक सूची) तक जगह बनाई है।

भारत ने अब तक इस चैंपियनशिप में एक गोल्ड, पांच सिल्वर और छह ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। 14वीं वरीयता प्राप्त जगशेर सिंह अब आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद करेंगे; शनिवार को सेमीफाइनल में उनका मुकाबला इंडोनेशिया के 31वीं वरीयता प्राप्त रादित्या बायु वर्धना से होगा।

शाइना मणिमुथु के पास भी लड़कियों के सिंगल्स में भारत के लिए मेडल पक्का करने का मौका था, लेकिन एशियन अंडर-17 सिल्वर मेडलिस्ट शाइना को क्वार्टर फाइनल में चीन की यी किंग यिन के हाथों 15-5, 15-8 से हार का सामना करना पड़ा।

पंजाब के युवा खिलाड़ी जगशेर सिंह खंगुरा, अंडर-17 नेशनल चैंपियन रह चुके हैं और अपनी आयु वर्ग में एशियन मेडलिस्ट भी हैं।

दो साल पहले अंडर-15 नेशनल चैंपियनशिप में मेडल जीतने के बाद वे चर्चा में आए। तब से उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है; खेल के प्रति उनकी सामान्य रुचि अब एक जुनून और करियर के एक संभावित विकल्प में बदल गई है।

बहादुरगढ़ की एक अकादमी और फिर मुंबई की उदय पवार अकादमी में शुरुआती ट्रेनिंग लेने के बाद, जगशेर सिंह पिछले दो सालों से बैंगलोर के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में पूर्व नेशनल कोच विमल कुमार के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग ले रहे हैं। 22 सितंबर 2026 तक अंडर-19 लड़कों के सिंगल्स वर्ग में 8वें स्थान पर रहे जगशेर सिंह ने 11 जनवरी 2026 से शुरू हुए सप्ताह में, राष्ट्रीय स्तर पर अंडर-17 लड़कों के सिंगल्स वर्ग में नंबर 1 की अपनी अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story