Samachar Nama
×

वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी से तारीफ मिलना हौसला बढ़ाने वाला, जो रूट से मुलाकात पर बोले रजाउल्लाह

वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी से तारीफ मिलना हौसला बढ़ाने वाला, जो रूट से मुलाकात पर बोले रजाउल्लाह
वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी से तारीफ मिलना हौसला बढ़ाने वाला, जो रूट से मुलाकात पर बोले रजाउल्लाह

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मैच एजबेस्टन (बर्मिंघम) में खेला गया था। इस मैच में पाकिस्तान के लिए तेज गेंदबाज रजाउल्लाह ने डेब्यू किया और अपनी गेंदबाजी के साथ ही निचले क्रम में आकर तूफानी बल्लेबाजी से प्रभावित किया।

रजाउल्लाह ने मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज जो रूट से मुलाकात की। रजाउल्लाह ने रूट के साथ मुलाकात के दौरान हुई बातचीत को साझा किया है।

पाकिस्तान ऑब्जर्वर के मुताबिक, "रूट ने सीरीज के बाद रजाउल्लाह से मुलाकात की और उन्हें सलाह दी।" रजाउल्लाह ने पाकिस्तान ऑब्जर्वर को बताया कि एक वर्ल्ड-क्लास खिलाड़ी से इतनी तारीफ मिलना मेरे लिए खुशी और हौसला बढ़ाने वाला था।"

एजबेस्टन टेस्ट में रजाउल्लाह ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर पाकिस्तान टीम में फैली निराशा को कम किया था। रजाउल्लाह ने पहली पारी में 11, जबकि दूसरी पारी में बेहतरीन 81 रन बनाए। 63 गेंदों पर खेली पारी में रजाउल्लाह ने 9 छक्के और 4 चौके लगाए। उनकी पारी की बदौलत ही पाकिस्तान सीरीज में पहली बार 400 का आंकड़ा छू सका। पाकिस्तान की दूसरी पारी 449 रन पर समाप्त हुई थी। वहीं, रजाउल्लाह ने इस टेस्ट की पहली पारी में 4 विकेट भी हासिल किए थे। पाकिस्तान को इस टेस्ट में 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिव डेब्यू कर रहे रजाउल्लाह के प्रदर्शन की हर जगह प्रशंसा हुई।

रजाउल्लाह ने अपनी बल्लेबाजी पर कहा, "मैं सोच-समझकर गेंदें मार रहा था, लेकिन वे सभी रेंज में लग रही थीं। मुझे गति से डर नहीं लग रहा था। मैं आर्चर की उन गेंदों को सजा देना चाहता था जो हार्ड लेंथ पर गिरीं। जब आप अपने देश के लिए खेल रहे हों तो डरने की कोई बात नहीं है। मैं बस मजे कर रहा था।"

रजाउल्लाह उन छह खिलाड़ियों में से थे, जिन्हें लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान की करारी हार के बाद आनन-फानन में इंग्लैंड भेजा गया था। दूसरे टेस्ट के बाद टीम के सात खिलाड़ियों को अचानक पाकिस्तान भेज दिया गया था, जिसमें विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक शामिल थे। इसके अलावा टेस्ट कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी पाकिस्तान भेजा गया था।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story