Samachar Nama
×

वर्ल्ड कैंसर डे: इन सितारों ने जानलेवा बीमारी से जीती जंग, इनके लिए बना काल

मुंबई, 3 फरवरी (आईएएनएस)। कैंसर... एक ऐसी बीमारी जिसका नाम सुनते ही दिल बैठ जाता है। इस बीमारी से जंग जीतकर कई सितारे आज स्वस्थ जिंदगी जी रहे हैं। वहीं, इस कैंसर ने हमसे न जाने कितने चहेते सितारों को छीन लिया। 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस है। कैलेंडर में अंकित यह दिन उन एक्टर्स के उदाहरण के साथ जंग जीतने की हिम्मत देता है तो कई पुराने जख्मों को भी कुरेदता है।
वर्ल्ड कैंसर डे: इन सितारों ने जानलेवा बीमारी से जीती जंग, इनके लिए बना काल

मुंबई, 3 फरवरी (आईएएनएस)। कैंसर... एक ऐसी बीमारी जिसका नाम सुनते ही दिल बैठ जाता है। इस बीमारी से जंग जीतकर कई सितारे आज स्वस्थ जिंदगी जी रहे हैं। वहीं, इस कैंसर ने हमसे न जाने कितने चहेते सितारों को छीन लिया। 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस है। कैलेंडर में अंकित यह दिन उन एक्टर्स के उदाहरण के साथ जंग जीतने की हिम्मत देता है तो कई पुराने जख्मों को भी कुरेदता है।

4 फरवरी का दिन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रोकथाम और शुरुआती जांच के महत्व को बताने के लिए समर्पित है। इन सितारों की कहानियां हमें सिखाती हैं कि हिम्मत, परिवार का साथ और समय पर इलाज कितना जरूरी है। कैंसर से जंग जीतने वाले सितारों की लिस्ट में सोनाली बेंद्रे से लेकर हिना खान तक का नाम शामिल है। वहीं, कैंसर की चपेट में आकर दुनिया को अलविदा कहने वाले सितारों की भी लिस्ट लंबी है।

सोनाली बेंद्रे को साल 2018 में स्टेज-4 मेटास्टेटिक कैंसर का पता चला था। न्यूयॉर्क में इलाज के बाद वह पूरी तरह ठीक हुईं और जागरूकता फैला रही हैं। अभिनेता संजय दत्त को साल 2020 में स्टेज-3 लंग कैंसर का पता चला था। कीमोथेरेपी के बाद वह कैंसर-फ्री होकर फिल्मों में वापसी भी कर चुके हैं।

कैंसर से जंग जीतने वाली एक्ट्रेस की लिस्ट में मनीषा कोइराला का भी नाम शामिल है। उन्होंने साल 2012 में ओवेरियन कैंसर को हराया। इलाज के बाद वह स्वस्थ हैं और फिल्मी दुनिया में एक्टिव हैं। वह किताब लिखकर दूसरों को प्रेरित भी कर रही हैं। फिल्म निर्माता-अभिनेता राकेश रोशन भी कैंसर की चपेट में आ चुके हैं। उन्हें थ्रोट कैंसर हुआ था। इलाज पूरा होने के बाद वह पूरी तरह ठीक हुए और स्वस्थ जिंदगी जी रहे हैं।

अभिनेत्री महिमा चौधरी को साल 2022 में ब्रेस्ट कैंसर का पता चला था। जल्दी पता चलने पर इलाज से वह कैंसर-फ्री हो गईं। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें कोई लक्षण नहीं थे; रूटीन चेकअप में कैंसर का पता चला था। ताहिरा कश्यप को भी ब्रेस्ट कैंसर हुआ। इलाज के बाद वह स्वस्थ हैं और जागरूकता फैला रही हैं। हालांकि, वह दोबारा से कैंसर के चपेट में आ गईं; उनका इलाज चल रहा है। कैंसर को हराने वाली अभिनेत्रियों की लिस्ट में किरण खेर का भी नाम है, जिन्होंने ब्लड कैंसर को मात दी।

फिल्म निर्माता-निर्देशक अनुराग बसु को एक्यूट प्रोमाइलोसाइटिक ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) हुआ था। तीन साल के इलाज के बाद वह ठीक हुए। अभिनेत्री लिसा रे ने मल्टीपल मायलोमा (ब्लड कैंसर) को हराया। इलाज के बाद वह स्वस्थ हैं। नफीसा अली और छवि मित्तल ने भी ब्रेस्ट कैंसर से जंग जीती और मजबूती के साथ आगे बढ़ीं।

कैंसर से इन सितारों ने हारी जंग:- टीवी शो 'महाभारत' में कर्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता पंकज धीर का निधन कैंसर से हुआ। उन्होंने पहले कैंसर को हराया था, लेकिन बीमारी दोबारा लौट आई। हिंदी सिनेमा में कई यादगार भूमिकाएं निभाने वाले पंकज धीर ने 15 अक्टूबर 2025 को अंतिम सांस ली।

रामायण के निर्माता रामानंद सागर के बेटे और प्रोड्यूसर प्रेम सागर का निधन भी कैंसर की वजह से ही हुआ था। वह कैंसर की वजह से लंबे समय से बीमार चल रहे थे और 81 साल की उम्र में 31 अगस्त 2025 को अंतिम सांस ली।

हिंदी और मराठी टीवी सीरियल की जान रहीं प्रिया मराठे भी कम उम्र में कैंसर से जंग हार गईं और 31 अगस्त, 2025 को उनका निधन हो गया। वह 'पवित्र रिश्ता', 'उतरन' जैसे कई सफल टीवी शो का हिस्सा रहीं; वह 38 साल की थीं।

29 अप्रैल 2020 को मंझे हुए अभिनेता इरफान खान का निधन हुआ था। उन्हें न्यूरो इंडोक्राइन ट्यूमर कैंसर था। वह लंदन में अपना इलाज करवा रहे थे, जहां कीमोथेरेपी के चार राउंड पूरे भी हो चुके थे। हालांकि, फिर भी उनकी जान नहीं बच सकी।

30 अप्रैल 2020 में ऋषि कपूर का कैंसर से निधन हो गया था। ऋषि कपूर ल्यूकेमिया से पीड़ित थे। रक्त कोशिकाओं के कैंसर से पीड़ित अभिनेता ने लंबे समय तक चले इलाज के बाद मुंबई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली थी।

कैंसर से जंग हारने वाले अभिनेताओं की लिस्ट में विनोद खन्ना का भी नाम शामिल है। उन्हें ब्लड कैंसर था। खन्ना ने कैंसर से लंबी जंग लड़ी, लेकिन 27 अप्रैल 2017 को वह 70 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए।

भारतीय फिल्मों के 'अंग्रेज' अभिनेता टॉम ऑल्टर को भी कैंसर था। स्किन कैंसर की वजह से उनकी मौत 2017 में हो गई थी। बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना को ब्लैडर कैंसर था। अभिनेता ने 18 जुलाई 2012 को 69 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली थी।

अभिनेता फिरोज खान का नाम फिल्म इंडस्ट्री के डैशिंग और सफल अभिनेताओं की लिस्ट में शुमार है। कई सुपरहिट फिल्मों में काम करने वाले फिरोज खान को फेफड़ों का कैंसर था, जिसकी वजह से उन्होंने 27 अप्रैल 2009 को अंतिम सांस ली थी। उस वक्त उनकी उम्र 69 साल थी।

अभिनेत्री नरगिस दत्त का निधन भी कैंसर की वजह से हुआ था। उन्हें अग्नाशय (पैंक्रियाटिक) का कैंसर था, जिस वजह से उन्होंने साल 1981 में अंतिम सांस ली थी।

अभिनेता राजकुमार का निधन 3 जुलाई 1996 को मुंबई में हो गया था। उनकी मौत गले के कैंसर से हुई। उस समय उनकी उम्र 69 वर्ष थी। राजकुमार ने अपनी अंतिम सांस तक इस जानलेवा बीमारी को दुनिया से छिपाए रखा और किसी को पता नहीं चलने दिया।

कैंसर की चपेट में आकर दुनिया को अलविदा कहने वाले सितारों की लिस्ट में कपिल शर्मा के कॉमेडी शो में नजर आने वाले अभिनेता अतुल परचुरे, म्यूजिक डायरेक्टर आदेश श्रीवास्तव, अभिनेत्री सुजाता कुमार और अन्य के नाम शामिल हैं।

--आईएएनएस

एमटी/डीकेपी

Share this story

Tags