Samachar Nama
×

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: स्मृति-शेफाली के बीच शतकीय साझेदारी, नीदरलैंड को 210 रन का टारगेट

लीड्स, 17 जून (आईएएनएस)। भारत ने नीदरलैंड के खिलाफ विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें मैच में जीत के लिए 210 रन का विशाल टारगेट रखा है। 'ग्रुप-ए' का यह मुकाबला बुधवार को हेडिंग्ले में खेला जा रहा है।
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: स्मृति-शेफाली के बीच शतकीय साझेदारी, नीदरलैंड को 210 रन का टारगेट

लीड्स, 17 जून (आईएएनएस)। भारत ने नीदरलैंड के खिलाफ विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें मैच में जीत के लिए 210 रन का विशाल टारगेट रखा है। 'ग्रुप-ए' का यह मुकाबला बुधवार को हेडिंग्ले में खेला जा रहा है।

नीदरलैंड की कप्तान बेबेट डी लीडे ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में भारत ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 209 रन बनाए। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी ने 70 गेंदों में 115 रन की साझेदारी की। शेफाली 38 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुईं। उनकी इस पारी में 10 चौके शामिल रहे।

इसके बाद मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 47 रन जुटाए। भारत को 16वें ओवर की अंतिम गेंद पर स्मृति मंधाना के रूप में दूसरा झटका लगा। मंधाना 47 गेंदों में 1 छक्के और 11 चौकों के साथ 74 रन बनाकर आउट हुईं।

अगली गेंद पर टीम ने रोड्रिगेज का विकेट भी गंवा दिया। इस खिलाड़ी ने 13 गेंदों में 2 चौकों के साथ 19 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। 17.1 ओवर में भारत को यास्तिका भाटिया (3) के रूप में चौथा झटका लगा।

भारतीय टीम 168 के स्कोर तक 4 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से ऋचा घोष (नाबाद 20) ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (12) के साथ पांचवें विकेट के लिए 15 गेंदों में 31 रन की साझेदारी करते हुए भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। दीप्ति शर्मा (नाबाद 10) पारी की अंतिम दो गेंदें खेलने मैदान पर उतरीं, जिसमें एक छक्का और एक चौका लगाकर भारत को 209/5 के स्कोर तक पहुंचाया।

नीदरलैंड की तरफ से कैरोलिन डी लैंग ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि आइरिस ज्विलिंग, हीथर सीगर्स और मर्थे वैन डेन राड ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिगेज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदिनी शर्मा के साथ मैदान पर उतरी है।

वहीं, नीदरलैंड की टीम में हीथर सीगर्स, फीबे मोल्केनबोअर, बैबेट डी लीडे (विकेटकीपर/कप्तान), स्ट्रे कालिस, रॉबिन रिजके, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, आइरिस ज्विलिंग, मर्थे वैन डेन राड, कैरोलिन डी लैंग, सिल्वर सीगर्स और इसाबेल वोनिंग शामिल हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags