Samachar Nama
×

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: नीदरलैंड को 37 रन से हराकर पाकिस्तान ने आखिरकार बचाई लाज

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: नीदरलैंड को 37 रन से हराकर पाकिस्तान ने आखिरकार बचाई लाज
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: नीदरलैंड को 37 रन से हराकर पाकिस्तान ने आखिरकार बचाई लाज

ब्रिस्टल, 27 जून (आईएएनएस)। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार को पाकिस्तान ने अपने अंतिम लीग मैच में आखिरकार जीत का खाता खोल ही लिया। इस टीम ने काउंटी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ 37 रन से जीत हासिल की।

'ग्रुप-ए' की प्वाइंट्स टेबल में पाकिस्तानी टीम 5 में से 1 मैच जीतकर पांचवें स्थान पर रही, जबकि नीदरलैंड ने सभी पांच मैच गंवाए और 6 टीमों के ग्रुप में सबसे निचले पायदान पर रही। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपना पहला मैच 64 रन से गंवाया था, जिसके बाद उसे साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश के हाथों 23 रन और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 113 रन से मैच गंवाया।

शनिवार को ब्रिस्टल में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 6 विकेट खोकर 126 रन बनाए। इस टीम को महज 15 के स्कोर पर मुनीबा अली (12) के रूप में झटका लगा। इसके बाद आयशा जफर ने गुल फिरोजा के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 गेंदों में 79 रन की साझेदारी की।

आयशा 29 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 32 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद गुल फिरोजा ने मोर्चा संभाला, लेकिन दूसरे छोर पर कोई उनका साथ नहीं दे सका। फिरोजा अंत तक नाबाद रहीं, उन्होंने 52 गेंदों में 9 चौकों के साथ 63 रन बनाए।

विपक्षी खेमे से आइरिस ज्विलिंग ने 19 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि हीदर सीगर्स, हन्ना लैंडहीर, कैरोलीन डी लैंग और सिल्वर सीगर्स ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम 18 ओवरों में सिर्फ 89 रन पर सिमट गई। इस टीम को हीदर सीगर्स और फीबे मोल्केनबोअर की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 3.3 ओवरों में 31 रन की साझेदारी की।

हीदर 16 गेंदों में 5 चौकों के साथ 24 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि मोल्केनबोअर 8 रन का योगदान ही टीम के खाते में दे सकीं। यहां से कप्तान बैबेट डी लीड (30) ने मोर्चा संभाला, लेकिन अगले छोर पर कोई उनका साथ नहीं दे सका।

पाकिस्तान के लिए कप्तान फातिमा सना ने महज 12 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। ये तीनों विकेट 18वें ओवर में निकाले। इनके अलावा, आयशा जफर ने 13 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। डायना बेग और नाशरा संधु ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags