Samachar Nama
×

विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: लिचफील्ड-वेयरहैम का शानदार प्रदर्शन, ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 65 रन से रौंदा

मैनचेस्टर, 13 जून (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। इस टीम ने शनिवार को एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में 'ग्रुप-ए' के मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 65 रन से हराया।
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: लिचफील्ड-वेयरहैम का शानदार प्रदर्शन, ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 65 रन से रौंदा

मैनचेस्टर, 13 जून (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। इस टीम ने शनिवार को एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में 'ग्रुप-ए' के मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 65 रन से हराया।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 172 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई टीम पांचवीं गेंद पर जॉर्जिया वोल (0) का विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद बेथ मूनी ने फोएबे लिचफील्ड के साथ दूसरे विकेट के लिए 18 गेंदों में 23 रन जुटाकर टीम को 24 के स्कोर तक पहुंचाया।

मूनी 9 गेंदों में सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। यहां से लिचफील्ड ने एलिस पेरी के साथ 18 गेंदों में 37 रन जोड़कर टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकालने की कोशिश की। लिचफील्ड 24 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ 50 रन बनाकर आउट हुईं। कुछ देर बाद एश्ले गार्डनर (1) भी वापस लौट गईं।

ऑस्ट्रेलिया ने 62 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। यहां से पेरी ने जॉर्जिया वेयरहैम के साथ पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 58 रन की साझेदारी की। पेरी ने 26 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि वेयरहैम ने 32 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, एनाबेल सदरलैंड ने 21 रन जोड़े।

विपक्षी खेमे से अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा और नादिन डी क्लार्क ने 2-2 विकेट निकाले। मारिजैन कैप और शबनीम इस्माइल ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इसके जवाब में साउथ अफ्रीकी टीम 16.4 ओवरों में सिर्फ 107 रन पर सिमट गई। साउथ अफ्रीका ने महज 7 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। यहां से नादिन डी क्लार्क ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 41 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की।

क्लार्क 22 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 25 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद वोल्वार्ड्ट ने मैरिजैन कैप के साथ 27 गेंदों में 34 रन जोड़कर टीम को 82 के स्कोर तक पहुंचाया। कैप 12 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जबकि वोल्वार्ड्ट 39 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुईं। इस टीम ने 96 के स्कोर पर अपना पांचवां विकेट गंवाया, जिसके बाद सिर्फ 107 रन तक ऑलआउट हो गई।

विपक्षी खेमे से जॉर्जिया वेयरहैम ने 2.4 ओवरों में सिर्फ 13 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि सोफी मोलिनक्स और अलाना किंग ने 2-2 विकेट निकाले। किम गार्थ और एश्ले गार्डनर को 1-1 विकेट हाथ लगा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags