Samachar Nama
×

विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी: श्रीलंका ने पापुआ न्यू गिनी को 67 रनों से रौंदा, स्कॉटलैंड ने यूएई को हराया

विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी: श्रीलंका ने पापुआ न्यू गिनी को 67 रनों से रौंदा, स्कॉटलैंड ने यूएई को हराया
विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी: श्रीलंका ने पापुआ न्यू गिनी को 67 रनों से रौंदा, स्कॉटलैंड ने यूएई को हराया

नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के 12वें मैच में श्रीलंका ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पापुआ न्यू गिनी को एकतरफा मैच में 67 रनों से हराया। वहीं, स्कॉटलैंड ने यूएई को 7 विकेट से धूल चटाई।

श्रीलंका बनाम पापुआ न्यू गिनी: श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 150 रन बनाए। श्रीलंका की तरफ से विशमी गुनारत्ने शानदार फॉर्म में दिखाई दीं। उन्होंने 48 गेंदों में 51 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, इमेशा दुलानी ने 21 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। इसके अलावा हसिनी परेरा ने 20 रनों का योगदान दिया। 151 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पापुआ न्यू गिनी की टीम 9 विकेट खोकर 83 रन ही बना सकी। टीम की चार बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुईं। वहीं, सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सकीं।

श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में सत्या संदीपनी और सुगंधिका कुमारी ने दो-दो विकेट चटकाए। सुगंधिका ने अपने 3 ओवर के स्पेल में सिर्फ 10 रन दिए, जबकि सत्या ने 15 रन देकर 2 विकेट झटके।

स्कॉटलैंड बनाम यूएई: टर्नामेंट के 11वें मैच में स्कॉटलैंड ने यूएई के खिलाफ आसान जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 138 रन बनाए। यूएई की ओर से कप्तान ईशा ओजा बेहतरीन लय में दिखाई दीं और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 52 गेंदों में 64 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके लगाए। वहीं, हीना होटचंदानी ने 42 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 43 रन बनाए। स्कॉटलैंड की तरफ से गेंदबाजी में किर्स्टी गॉर्डन ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि कैथरीन ब्राइस और कैथरीन फ्रेजर ने एक-एक विकेट झटका।

स्कॉटलैंड ने 139 रनों के लक्ष्य 18.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। स्कॉटलैंड की तरफ से कप्तान कैथरीन ब्राइस ने 36 गेंदों में 51 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस इनिंग के दौरान उन्होंने 7 चौके लगाए। वहीं, सारा ब्राइस ने 42 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 43 रन बनाए। पिप्पा स्प्राउल 16 रन बनाकर नाबाद रहीं।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी

Share this story