Samachar Nama
×

विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन जारी, जापान को 4-0 से रौंदा, एफआईएच वर्ल्ड रैंकिंग में रचा इतिहास

विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन जारी, जापान को 4-0 से रौंदा, एफआईएच वर्ल्ड रैंकिंग में रचा इतिहास
विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन जारी, जापान को 4-0 से रौंदा, एफआईएच वर्ल्ड रैंकिंग में रचा इतिहास

भोपाल, 25 नवंबर (आईएएनएस)। विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन जापान के खिलाफ भी जारी रहा। एकतरफा मुकाबले में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जापान को 4-0 से हराया। भारतीय टीम ने अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

भारतीय विमेंस टीम ने सभी पांच मैचों को जीतकर अंतिम चार का टिकट हासिल किया है। दीपिका ने अपनी शानदार फॉर्म को इस मैच में भी जारी रखा और दो गोल दागे। मुकाबले की शुरुआती कुछ मिनटों में जापान ने दमदार खेल दिखाया और भारतीय टीम को हावी होने का मौका नहीं दिया। हालांकि, मैच के 12वें मिनट में भारत को पहली सफलता मिली, जब लालरेम्सियामी ने जापान के डिफेंस को भेदते हुए पहला गोल दागा।

इसके बाद शानदार फॉर्म में चल रहीं दीपिका ने भी अपना कमाल दिखाया। दीपिका ने मैच के 16वें मिनट में भारत के लिए दूसरा गोल किया। दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर के रूप में मिले मौके को भुनाने में कोई भी गलती नहीं की और भारत का स्कोर 2-0 कर दिया। भारतीय टीम ने अपनी इस बढ़त को जल्द ही 3-0 में तब्दील कर दिया। नेहा ने भारतीय टीम के लिए तीसरा गोल किया और जापान को पूरी तरह से बैकफुट पर ढकेल दिया। पहले हाफ में पूरी तरह से भारत का दबदबा देखने को मिला।

भारतीय टीम ने अपने शानदार खेल को तीसरे क्वार्टर में भी जारी रखा। हालांकि, भारत को लगातार तीन बार पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागने का मौका मिला, लेकिन तीनों ही दफा भारतीय खिलाड़ी चूक गईं। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों की तरफ से कोई भी गोल नहीं हो सका। चौथे क्वार्टर में भारत के लिए चौथा गोल दीपिका ने दागा। उन्होंने मैच के 48वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया और भारत की जीत पर मुहर लगा दी। सेमीफाइनल में भारत की भिड़ंत अब शुक्रवार (27 नवंबर) को मलेशिया से होगी।

जापान के खिलाफ मिली धमाकेदार जीत के साथ ही भारतीय टीम ने इतिहास भी रच दिया है। भारतीय विमेंस हॉकी टीम ने एफआईएच वर्ल्ड रैंकिंग में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। अक्टूबर 2003 से शुरू हुई एफआईएच रैंकिंग में यह भारत की अब तक की सबसे ऊंची रैंकिंग है। मंगलवार को चीन को 6-2 से हराने के साथ ही भारतीय टीम एफआईएच रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंची थी।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags