Samachar Nama
×

विमेंस एशिया कप: थाईलैंड के खिलाफ मजबूत शुरुआत के बावजूद भारतीय टीम बना सकी 159 रन

विमेंस एशिया कप: थाईलैंड के खिलाफ मजबूत शुरुआत के बावजूद भारतीय टीम बना सकी 159 रन
विमेंस एशिया कप: थाईलैंड के खिलाफ मजबूत शुरुआत के बावजूद भारतीय टीम बना सकी 159 रन

दुबई, 30 अगस्त (आईएएनएस)। मजबूत शुरुआत के बावजूद भारतीय टीम विमेंस एशिया कप 2026 के तीसरे मुकाबले में थाईलैंड के सामने 9 विकेट गंवाकर 159 रन ही बना सकी। 'ग्रुप-ए' के इस मुकाबले के साथ 'विमेन इन ब्लू' अपने अभियान की शुरुआत कर रही है।

रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। सलामी जोड़ी ने 18 गेंदों में 38 रन जुटाए। मंधाना 10 गेंदों में 4 चौकों के साथ 19 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद शेफाली ने प्रतिका रावल के साथ दूसरे विकेट के लिए 36 गेंदों में 53 रन जुटाकर टीम को 91 के स्कोर तक पहुंचाया।

अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहीं प्रतिका 18 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 22 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद शेफाली ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 17 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया।

भारत 11वें ओवर की समाप्ति तक मजबूत स्थिति में था। इसके बाद अगले ओवर से विकेटों का पतझड़ लग गया। 11.3 ओवर में टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (5) का विकेट गंवा दिया, जिसके बाद अगले ओवर की लगातार दो गेंदों पर शेफाली वर्मा (36 गेंदों में 11 बाउंड्री के साथ 64 रन) और ऋचा घोष (0) भी पवेलियन लौट गईं।

टीम ने 16वें ओवर में दाप्ति शर्मा (5) का विकेट गंवा दिया। 17वें ओवर में भारती फुलमाली (13) और प्रेमा रावत (6) भी आउट हो गईं। इसके बाद क्रांति गौड़ (नाबाद 15) ने श्री चरणी (नाबाद 6) के साथ 10वें विकेट के लिए 16 गेंदों में 22 रन की अटूट साझेदारी करते हुए भारत को किसी तरह 150 के पार पहुंचाया।

विपक्षी खेमे से सुलीपोर्न लाओमी ने 26 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि सुनिदा चतुरोंगरात्तन ने 2 विकेट निकाले। इनके अलावा, चानिदा सुथिरुआंग और कप्तान थिपाचा पुत्थावोंग ने 1-1 विकेट चटकाया।

यह ऑफ स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का 150वां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच है। वह इस फॉर्मेट में सर्वाधिक मुकाबले खेलने वाली भारतीय महिला खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे पायदान पर पहुंच गई हैं। इस लिस्ट में हरमनप्रीत (202) शीर्ष पर हैं, जबकि उप-कप्तान स्मृति मंधाना (171) दूसरे पायदान पर हैं। विश्व स्तर पर, दीप्ति महिला क्रिकेट इतिहास में 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली 12वीं खिलाड़ी बन गई हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story