मुंबई लोकल में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को ट्रेन से दिया धक्का, वीडियो में जाने बायां हाथ कोहनी के पास से कटा; सिर में आए 16 टांके
मुंबई की लोकल ट्रेन में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। ट्रेन में छेड़छाड़ का विरोध करने पर 20 साल की युवती को आरोपी ने नायगांव स्टेशन के पास धक्का दे दिया। हादसे में युवती का बायां हाथ कोहनी के पास से कट गया, जबकि सिर में गंभीर चोट आने के कारण 16 टांके लगाने पड़े। घटना 4 नवंबर की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र हिरमुखे को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवती गोरेगांव से नायगांव जाने के लिए लोकल ट्रेन में सवार हुई थी। सफर के दौरान आरोपी जितेंद्र हिरमुखे ने कथित तौर पर उसके साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की। युवती ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विरोध करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
विरोध करने पर गाली-गलौज और चप्पल से पीटने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, ट्रेन में सफर के दौरान आरोपी उसे गलत तरीके से छू रहा था। उसने इसका विरोध किया और आरोपी को ऐसा करने से मना किया। इसके बावजूद आरोपी लगातार उसे परेशान करता रहा। युवती ने बताया कि उसने आरोपी से कहा कि क्या उसके घर में मां-बहन नहीं हैं, लेकिन वह नहीं माना।पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज की और चप्पल से भी मारा। इसके बाद नायगांव स्टेशन के पास उसे धक्का दे दिया। इस घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उसका बायां हाथ कोहनी के पास से कट गया और सिर में भी गंभीर चोट आई।
युवती बोली- मेरी पूरी जिंदगी खराब हो गई
घटना के बाद पीड़िता की जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। उसने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वह गोरेगांव से ट्रेन में बैठी थी और उसे नायगांव स्टेशन पर उतरना था। सफर के दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर विवाद हुआ, लेकिन इसके बाद भी आरोपी ने उसे परेशान करना जारी रखा।युवती ने भावुक होते हुए कहा, "मेरी पूरी जिंदगी खराब हो गई। मेरे घर की सारी जिम्मेदारी मैं ही संभालती थी। मुझे बस न्याय चाहिए।"पीड़िता के इस बयान से अंदाजा लगाया जा सकता है कि घटना ने उसके जीवन और परिवार पर कितना गहरा असर डाला है। युवती अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभालती थी, लेकिन हादसे में हाथ गंवाने के बाद उसके सामने भविष्य और रोजमर्रा के कामकाज को लेकर कई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं।
आरोपी जितेंद्र हिरमुखे गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी जितेंद्र हिरमुखे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रेन में विवाद किस तरह बढ़ा और युवती को धक्का देने की घटना किन परिस्थितियों में हुई।इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोकल ट्रेन में रोजाना लाखों यात्री सफर करते हैं। ऐसे में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और हिंसा की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं। फिलहाल पीड़िता को न्याय मिलने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उम्मीद है।

