Samachar Nama
×

पति पर अफेयर का शक, पत्नी ने महिला की बनाई फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, हुई गिरफ्तार

fasd

उत्तर दिल्ली से एक चौंकाने वाला साइबर क्राइम सामने आया है, जहां एक 26 वर्षीय विवाहिता महिला को एक अन्य महिला की फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाकर उसे बदनाम करने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि महिला को शक था कि उसके पति का उस युवती के साथ अफेयर है, इसी शक और जलन के चलते उसने यह साजिश रची।

कैसे खुला मामला?

इस मामले की शिकायत 30 वर्षीय एक महिला ने पुलिस से की थी। उसने आरोप लगाया कि किसी ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया, जिसमें उसकी एडिट की गई तस्वीरें पोस्ट की गई थीं। इसके अलावा उस अकाउंट से उसके दोस्तों और सहकर्मियों को फॉलो किया गया और उनकी प्रोफाइल से उसकी व्यक्तिगत जानकारी इकट्ठा करने की कोशिश की गई।

पुलिस जांच का तरीका

उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स की मदद से पता चला कि जिस सिम कार्ड का उपयोग किया गया था वह गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के पते पर रजिस्टर्ड था। बाद में लोकेशन दिल्ली के नांगलोई इलाके में ट्रेस की गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गुप्त रूप से आरोपी के घर की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया है, जिससे उसने यह फर्जीवाड़ा किया था। आरोपी महिला की पहचान रितु पांडे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गाजीपुर, यूपी की रहने वाली है।

पति पर शक बना अपराध की वजह

पूछताछ में रितु पांडे ने स्वीकार किया कि उसकी शादी 2023 में हुई थी। शादी से पहले उसके पति ने अपने दोस्तों के साथ एक ग्रुप फोटो शेयर की थी जिसमें शिकायतकर्ता महिला भी थी। शादी के बाद रितु ने देखा कि उसका पति अब भी उसी महिला को इंस्टाग्राम पर फॉलो करता है, जिससे उसे शक हुआ कि उनके बीच कोई संबंध है।

इसी शक और असुरक्षा के चलते रितु ने अपने पति के इंस्टाग्राम अकाउंट से शिकायतकर्ता को आपत्तिजनक मैसेज भेजे। जब महिला ने वह अकाउंट ब्लॉक कर दिया, तो रितु ने उसके नाम से नकली प्रोफाइल बनाकर बदनामी की कोशिश की। साथ ही वह यह जानना चाहती थी कि क्या उसका पति उस फर्जी अकाउंट को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजेगा।

पति को नहीं थी जानकारी

पुलिस ने पुष्टि की है कि रितु के पति को नकली अकाउंट के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। वह नांगलोई, दिल्ली में एक रिश्तेदार के घर पर रहता है और वहीं काम करता है। रितु अक्सर उससे मिलने वहां जाया करती थी।

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आईटी एक्ट और साइबर अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी रितु पांडे को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है और डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

Share this story

Tags